Source :- KHABAR INDIATV
बांग्लादेश क्रिकेट के एक बड़े युग का अंत होने जा रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल मुशफिकुर रहीम ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। फरवरी 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर में होने वाला पहला टेस्ट उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला होगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने 28 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की।
तमीम ने बताया कि मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले ही उन्हें फोन करके अपने फैसले की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत हुई। तमीम चाहते थे कि मुशफिकुर खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके संन्यास का ऐलान करें, लेकिन खिलाड़ी के अनुरोध पर बोर्ड अध्यक्ष ने यह जानकारी सार्वजनिक की। मुशफिकुर खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। मई में पाकिस्तान के खिलाफ सिलहट टेस्ट में शतक लगाने के बाद वह अपनी अगली 11 पारियों में सिर्फ एक बार 50 रन का आंकड़ा पार कर सके।
100 टेस्ट खेलने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर
मुशफिकुर रहीम ने मई 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में टेस्ट डेब्यू किया था। करीब दो दशक लंबे करियर में उन्होंने बांग्लादेश के लिए कई यादगार पारियां खेलीं। वह 100 टेस्ट खेलने वाले देश के पहले क्रिकेटर बने और 100 से ज्यादा टेस्ट खेलने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी भी हैं।
अब तक 108 टेस्ट मैचों में मुशफिकुर ने 38.80 की औसत से 7062 रन बनाए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में 7 हजार रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज भी हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में तीन दोहरे शतक दर्ज हैं। उन्होंने 2013 में श्रीलंका के खिलाफ गॉल में नाबाद 200 रन बनाकर बांग्लादेश की ओर से पहला टेस्ट दोहरा शतक लगाया था। इसके बाद 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 219 रन की पारी खेली, जो टेस्ट में किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का हाईएस्ट स्कोर है। उनका तीसरा दोहरा शतक 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मीरपुर में आया था।
लिमिटेड ओवर फॉर्मेट को पहले ही कह चुके हैं अलविदा
गौरतलब है कि मुशफिकुर पहले ही T20 और ODI क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। उन्होंने 2022 में T20I से संन्यास लिया था, जबकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के खराब प्रदर्शन के बाद ODI क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया था। अब इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच होगा।
यह भी पढ़ें:
क्लो ट्रायन की तूफानी पारी ने रेनेगेड्स को दिलाया WBBL फाइनल का टिकट, 17 गेंदों में ठोके 56 रन
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




