Home Latest news ताज़ा खबर लंका ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान A को 1 विकेट से हराया,...

लंका ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान A को 1 विकेट से हराया, तीसरी बार जीता एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब

3
0

Source :- INDIATV NEWS

रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान A का विजय रथ रोककर श्रीलंका A ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। दोहा में खेले गए खिताबी मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया। इसके साथ ही उसने तीसरी बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। इससे पहले श्रीलंका A ने 2017 और 2018 में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। पाकिस्तान A के नाम भी 3 खिताब दर्ज हैं।

निशान मदुष्का ने खेली शानदार पारी 

खिताबी मुकाबले में श्रीलंका A की ओर से निशान मदुष्का ने सबसे ज्यादा 87 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े। कप्तान पवन रत्नायके ने 30 रनों का योगदान दिया। एक वक्त तक श्रीलंका की जीत आसान नजर आ रही थी, लेकिन निशान मदुष्का के आउट होने के साथ ही टीम लड़खड़ा गई और टीम का स्कोर 9 विकेट पर 198 रन हो गया। यहां से पाकिस्तानी की जीत के आसार नजर आ रहे थे, लेकिन लाहिरू समराकून और गरुका संकेथ ने आखिरी विकेट के लिए 22 रनों की साझेदारी करते हुए पाकिस्तान के जबड़े से खिताबी जीत छीन ली। लाहिरू ने नाबाद 15 रन बनाए। वहीं, गरुका संकेथ ने नाबाद 4 रनों की पारी खेली।

कतर की राजधानी दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 29 नवंबर को खेले गए फाइनल में पाकिस्तान A ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, श्रीलंका के गेंदबाजों ने पूरे मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 216 रन ही बना सकी।

पाकिस्तान ने खड़ा किया 217 रनों का स्कोर

पाकिस्तान की ओर से शाहजैब खान ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। उन्होंने 91 गेंदों की अपनी पारी में धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उनके अलावा शमील हुसैन ने 40, कप्तान अब्दुल समद ने 33 और रोहेल नजीर ने 37 रन का योगदान दिया। लोअर ऑर्डर में सुफियान मुकीम 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और माज सदाकत सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शमील हुसैन और शाहजैब खान ने दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। शमील के आउट होने के बाद हसन नवाज भी 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान अब्दुल समद ने शाहजैब के साथ 52 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होते ही पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई।

श्रीलंका के गेंदबाजों ने इसके बाद लगातार विकेट चटकाए और पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। रोहेल नजीर ने 43 गेंदों पर 37 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से रविंदु फर्नांडो और गरुका संकेत ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं, वानुजा सहन को दो विकेट मिले।

सेमीफाइनल में इंडिया A को हराकर फाइनल में पहुंचा था लंका

श्रीलंका A ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल तक का सफर बिना कोई मुकाबला गंवाए तय किया। टीम ने सेमीफाइनल में इंडिया A को 8 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। उस मैच में भारत A ने 317 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे श्रीलंका ने 8 ओवर से ज्यादा शेष रहते हासिल कर लिया था।

दूसरी ओर, पाकिस्तान A भी फाइनल से पहले अजेय रहा था। उसने सेमीफाइनल में बांग्लादेश A को 5 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। हालांकि, खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ने उसका विजयी अभियान रोक दिया और तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

यह भी पढ़ें:

मिचेल मार्श ने T20I क्रिकेट में हासिल की बड़ी उपलब्धि, डेविड वॉर्नर और एरोन फिंच को छोड़ दिया पीछे

119 रन की तूफानी पारी के बावजूद मिचेल मार्श ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, जोश इंग्लिस के क्लब में भी बनाई जगह

Latest Cricket News

SOURCE : INDIATV NEWS