Home rss business hindi Air India को मिला नया कप्तान, जिसने बनाई थी अफ्रीका की नंबर-1...

Air India को मिला नया कप्तान, जिसने बनाई थी अफ्रीका की नंबर-1 एयरलाइन; नए CEO पर क्यों है सबकी नजर?

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एयर इंडिया ने अपने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) के रूप में एविएशन इंडस्ट्री के अनुभवी दिग्गज टेवोल्डे गेब्रेमारियम (Tewolde Gebremariam) की नियुक्ति की है। वह इससे पहले इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप (Ethiopian Airlines Group) के CEO रह चुके हैं और उनके नेतृत्व में एयरलाइन ने दुनिया की सबसे सफल और लाभदायक एयरलाइंस में अपनी पहचान बनाई थी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया अब अपने बदलाव और विस्तार के अगले चरण में प्रवेश कर रही है, ऐसे में कंपनी ने एक ऐसे अनुभवी लीडर को चुना है, जो बड़ी एयरलाइंस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सफल रिकॉर्ड रखता है।

टेवोल्डे ने ली कैंपबेल विल्सन की जगह

टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कैंपबेल विल्सन की जगह ली है। कैंपबेल विल्सन ने 2022 से एयर इंडिया का नेतृत्व किया था और उनके कार्यकाल में एयर इंडिया ने कई बड़े बदलावों की शुरुआत की। हालांकि, उनका कार्यकाल 2027 तक था, लेकिन उन्होंने पहले ही 2026 में पद छोड़ने की इच्छा जताई थी और नए CEO की नियुक्ति तक जिम्मेदारी निभाई। उनके नेतृत्व में एयर इंडिया ने एयरलाइन के आधुनिकीकरण, नए विमानों के बड़े ऑर्डर, टाटा समूह की एयरलाइंस के एकीकरण और कॉर्पोरेट गवर्नेंस को मजबूत करने जैसे कई अहम कदम उठाए।

कई चुनौतियों का सामना कर रही एयर इंडिया

हालांकि, पिछले कुछ समय में एयर इंडिया कई चुनौतियों का सामना भी कर रही थी। कंपनी पर बढ़ते वित्तीय दबाव, नियामकीय निगरानी, अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद सुरक्षा मानकों पर बढ़े सवाल, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भू-राजनीतिक तनाव का असर और विभिन्न एयरलाइन कंपनियों के एकीकरण जैसी बड़ी जिम्मेदारियां थीं। ऐसे समय में कंपनी को एक ऐसे नेतृत्व की जरूरत थी, जो वैश्विक स्तर पर एयरलाइन संचालन का व्यापक अनुभव रखता हो।

कई योग्य उम्मीदवारों पर विचार

एयर इंडिया के बोर्ड ने दुनियाभर के कई योग्य उम्मीदवारों पर विचार करने के बाद टेवोल्डे गेब्रेमारियम को चुना। कंपनी के अनुसार, चयन प्रक्रिया के दौरान ऐसे व्यक्ति की तलाश थी, जिसके पास किसी एयरलाइन को बदलने, संचालन को बेहतर बनाने, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और लाभदायक विस्तार का सिद्ध अनुभव हो। इन सभी मामलों में टेवोल्डे का रिकॉर्ड बेहद मजबूत माना जाता है।

टेवोल्डे गेब्रेमारियम की प्रमुख उपलब्धियां

टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने एक दशक से अधिक समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप (Ethiopian Airlines Group) का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में एयरलाइन की आय चार गुना से अधिक बढ़ी, जबकि विमानों का बेड़ा लगभग तीन गुना हो गया। उन्होंने अफ्रीका की क्षेत्रीय एयरलाइन को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और लाभदायक एयरलाइन समूह में बदल दिया। लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार, बड़े हब एयरपोर्ट का विकास, विमान मेंटीनेंस (MRO) क्षमता बढ़ाना और ग्राहक-केंद्रित सेवाएं विकसित करना उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।

एयर इंडिया अब शुरुआती पुनर्गठन के दौर से आगे बढ़कर लाभप्रदता, बेहतर संचालन और वैश्विक विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया अब एक नए दौर में प्रवेश कर रही है और टेवोल्डे का अनुभव कंपनी को विश्वस्तरीय एयरलाइन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, परिचालन दक्षता और वैश्विक नेटवर्क के विकास में उनका अनुभव एयर इंडिया के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

नए CEO ने क्या कहा?

वहीं, नए CEO टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कहा कि एयर इंडिया जैसी ऐतिहासिक एयरलाइन का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है और ऐसे समय में एयर इंडिया को वैश्विक स्तर की एयरलाइन बनाने का अवसर बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने भरोसा जताया कि कर्मचारियों, प्रबंधन और सरकार के सहयोग से एयर इंडिया को भरोसेमंद सेवा, भारतीय आतिथ्य और दीर्घकालिक विकास के नए मुकाम तक पहुंचाया जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN