Home rss business hindi Air India का घाटा दोगुने से भी ज्यादा… कमाई में आई गिरावट,...

Air India का घाटा दोगुने से भी ज्यादा… कमाई में आई गिरावट, खर्च बढ़ा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा समूह की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया का घाटा बढ़ गया है। बीते वित्त वर्ष 2025-26 में एयरलाइन का घाटा बढ़कर 22,238.23 करोड़ रुपये रहा। इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का घाटा 10,858.83 करोड़ रुपये था। इस तरह, एयरलाइन का घाटा दोगुने से भी ज्यादा रहा। इस दौरान कंपनी की कुल आय घटकर 71,869.94 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 78,635.61 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 93,733.31 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 89,317.12 करोड़ रुपये था। कहने का मतलब है कि कमाई से कहीं ज्यादा हो गया कंपनी का खर्च है।

मरम्मत और मेंटेनेंस पर खर्च बढ़ा

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान विमानों की मरम्मत और मेंटेनेंस पर खर्च बढ़कर 14,976.45 करोड़ रुपये रहा, जो 2024-25 में 13,901.82 करोड़ रुपये था। वहीं, ईंधन पर खर्च घटकर 26,871.80 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 29,023.37 करोड़ रुपये था। विदेशी मुद्रा से होने वाला नुकसान भी बढ़कर 7,388.23 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 1,545.01 करोड़ रुपये था।

एयर इंडिया के सामने थीं कई चुनौतियां

बता दें कि एयर इंडिया को पिछले वित्त वर्ष के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इनमें पिछले साल जून में हुआ एआई171 विमान हादसा, वैश्विक घटनाक्रम, हवाई क्षेत्र बंद होने, ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव और परिचालन से जुड़ी कई तरह की समस्याएं शामिल हैं। एआई 171 विमान हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी। इस हादसे से जुड़ी रकम को असाधारण फंड में शामिल किया गया था। यह रकम 429.05 करोड़ रुपये की थी।

एयरलाइन की लीडरशिप में बदलाव

हाल ही में एयर इंडिया के निदेशक मंडल की बैठक हुई है। बैठक में नए प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टेवोल्डे गेब्रेमरियम के सैलरी स्ट्रक्चर समेत अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा हुई। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एयर इंडिया के मौजूदा एमडी और सीईओ कैंपबेल विल्सन के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया गया। बता दें कि विल्सन इस महीने अपने पद से हटने जा रहे हैं। विल्सन जुलाई, 2022 से एयर इंडिया के प्रमुख हैं और उन्होंने टाटा समूह के नियंत्रण वाली एयरलाइन की महत्वाकांक्षी बदलाव योजना का नेतृत्व किया है। टेवोल्डे गेब्रेमरियम की बात करें तो इथियोपियन एयरलाइंस समूह के पूर्व प्रमुख हैं।

एयर इंडिया का स्वामित्व संयुक्त रूप से टाटा समूह और सिंगापुर एयरलाइंस के पास है। टाटा समूह ने जनवरी, 2022 में सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। बाद में सिंगापुर एयरलाइंस ने भी इस एयरलाइन में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN