Home - Apple पर पेटेंट चोरी का आरोप, स्टार्टअप में मांगा 1500 करोड़ का...

Apple पर पेटेंट चोरी का आरोप, स्टार्टअप में मांगा 1500 करोड़ का हर्जाना; इस फीचर से जुड़ा है विवाद

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी स्टार्टअप कंपनी GG टेक्नोलॉजीज ने भारत में ऐप्पल पर मुकदमा किया है, जिसमें दावा किया गया है कि आईफोन का ‘नेमड्रॉप’ फीचर उनके पेटेंट की चोरी है। GG टेक्नोलॉजीज ने ऐप्पल सेलगभग 1,500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।

Apple एक फीचर के कारण विवाद में फंस गया है। खबरों के अनुसार, अमेरिका की स्टार्टअप कंपनी GG टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे हाई कोर्ट में ऐप्पल के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि ऐप्पल का ‘नेमड्रॉप’ (NameDrop) फीचर उनके भारतीय पेटेंट का उल्लंघन करता है। स्टार्टअप का आरोप है कि ऐप्पल ने उनके पेटेंट की चोरी की है और अब वे हर्जाने की मांग कर रहे हैं और अदालत से ऐप्पल डिवाइस की बिक्री पर रोक लगाने की अपील भी कर रहे हैं। क्या है पूरा मामला चलिए डिटेल में बताते हैं सबकुछ…

ऐप्पल से मांगा 1500 करोड़ का हर्जाना

टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी स्टार्टअप कंपनी GG टेक्नोलॉजीज ने भारत में ऐप्पल पर मुकदमा किया है, जिसमें दावा किया गया है कि आईफोन का ‘नेमड्रॉप’ फीचर उनके पेटेंट की चोरी है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘स्टे-टच’ (StayTouch) नाम का कॉन्टैक्ट-शेयरिंग ऐप बनाने वाली कंपनी GG टेक्नोलॉजीज ने ऐप्पल से 161.86 मिलियन डॉलर (लगभग 1,500 करोड़ रुपये) के हर्जाने की मांग की है, साथ ही ऐप्पल डिवाइस की बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग की है। यह रिपोर्ट अदालत के उन दस्तावेजों पर आधारित है, जिन्हें इस पब्लिकेशन ने देखा है। ‘नेमड्रॉप’ फीचर की मदद से आईफोन यूजर दो डिवाइस को एक-दूसरे के करीब लाकर कॉन्टैक्ट डिटेल्स को शेयर कर सकते हैं।

मुकदमे में क्या दावा किया गया है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, GG टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे हाईकोर्ट में 781 पेज की शिकायत दर्ज की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि नेमड्रॉप फीचर उनके उस भारतीय पेटेंट की चोरी करता है, जिसमें फोन बिना किसी मैनुअल पेयरिंग के आस-पास के डिवाइस के साथ कॉन्टैक्ट जानकारी शेयर कर सकता है। स्टार्टअप ने अदालत से अपील की है कि भारत में उन सभी आईफोन और ऐप्पल वॉच की बिक्री और इम्पोर्ट पर रोक लगाई जाए जिनमें नेमड्रॉप फीचर पहले से मौजूद यानी प्रीइंस्टॉल है। कंपनी चाहती है कि iOS में इस फीचर के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी लगे। अभी इस मामले की सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है और ऐप्पल ने भी इस पर कोई बयान नहीं दिया है।

अमेरिका में भी चल रहा है मिलता-जुलता केस

स्टार्टअप ने अप्रैल महीने में अमेरिका में भी ऐप्पल पर ऐसे ही दावों के साथ केस किया था। इस शिकायत के बाद, अगस्त में यूएस इंटरनेशनल ट्रेड कमीशन ने अपनी जांच शुरू कर दी है। वहां भी GG टेक्नोलॉजीज यह मांग कर रही है कि ऐप्पल के उन डिवाइस के आयात और बिक्री पर रोक लगाई जाए जो उनके पेटेंट की चोरी कर रहे हैं।

GG टेक्नोलॉजीज के बारे में

इस कंपनी की शुरुआत 2018 में गौरव गोयल ने की थी। गौरव दिल्ली आईआईटी दिल्ली से पढ़े हैं और पहले जाने-माने बैंक गोल्डमैन सैक्स में इन्वेस्टमेंट बैंकर रह चुके हैं। उनका ऐप ‘स्टे-टच’ को बिजनेस कार्ड के डिजिटल विकल्प के तौर पर बनाया गया था, जो एंड्रॉयड और iOS दोनों फोन पर मौजूद है।

कैसे शुरु हुआ विवाद

अमेरिका के इस स्टार्टअप ने अक्टूबर में यह मुकदमा दायर किया था। इससे पहले दोनों कंपनियों के बीच अप्रैल से सितंबर तक कोर्ट के बाहर समझौते की कोशिश की गई थी, जो नाकाम रही। भारत में कोई भी कमर्शियल मुकदमा दायर करने से पहले इस तरह की समझौते की प्रक्रिया से गुजरना जरूरी होता है। GG टेक्नोलॉजीज ने 2019 में अपना ऐप ‘स्टे-टच’ लॉन्च किया था और उसी साल अमेरिका में इसके पेटेंट के लिए आवेदन किया था। उन्होंने 2021 में भारतीय पेटेंट के लिए आवेदन किया, जो उन्हें जुलाई 2024 में मिल गया। वहीं दूसरी तरफ, ऐप्पल ने जून 2023 में iOS 17 अपडेट के साथ नेमड्रॉप फीचर की घोषणा की थी, और अक्टूबर में यह ऐप्पल वॉच में भी आ गया था।

ऐप्पल के लिए भारत क्यों जरूरी है

भारत ऐप्पल के लिए सिर्फ एक बड़ा और बढ़ता हुआ बाजार ही नहीं है, बल्कि चीन के बाहर आईफोन बनाने का एक प्रमुख केंद्र भी बन चुका है। कंपनी भारत में अपने और भी नए रिटेल स्टोर खोल रही है, हालांकि अभी भी भारत में बिकने वाले कुल स्मार्टफोन्स में आईफोन की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत से कम है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN