Source :- LIVE HINDUSTAN
12 सितंबर से भारत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को आयोजित कर रहा है। नई दिल्ली में हो रहे इस सम्मेलन में दुनियाभर के 13 देशों के लीडर्स समेत 26 शाही मेहमान होंगे। जिनके लिए खास भारत के खानपान की विविध कल्चर को दिखाने वाले व्यंजन परोसे जाएंगे।
12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वां ब्रिक्स सम्मेलन आयोजित किया जा रहा। इस सम्मेलन में 13 देशों के वर्ल्ड लीडर्स समेत 26 मेहमान शामिल होंगे। इसके अलावा भी विदेशी अधिकारियों की लंबी लिस्ट है जो ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होंगे। इन वर्ल्ड लीडर्स को होस्ट करने के साथ ही गाला डिनर और लंच का इंतजाम किया गया है। अब अगर मेहमानवाजी की बात आती है खाने और डिशेज का जिक्र भी होता है। तो बता दें कि विदेशी मेहमानों को भारत की संस्कृति और खान-पान से रूबरू करवाने के लिए इस बार का मेन्यू बेहद खास रखा गया है। वर्ल्ड लीडर्स के सामने उत्तर भारत से लेकर दक्षिण, पूरब हर जगह के व्यंजनों को शामिल किया गया है।
गाला डिनर में शामिल होते हैं लीडर्स
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में डिनर डिप्लोमेसी होती है। जिसमे बिना किसी औपचारिक बैठकों और सख्त प्रोटोकॉल के रात के खाने की मेज पर सारे लीडर्स अनौपचारिक बातचीत करते हैं। एक साथ बैठते हैं और आपसी विश्वास बढ़ाने, तनाव कम करने और कई सारे मुद्दों पर खुलकर बातचीत करते हैं। इस तरह से नेताओं के बीच माहौल को सहज बनने में मदद मिलती है।
क्या होगा ब्रिक्स सम्मेलन का मेन्यू
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम में किया जा रहा है। जिसमे श्री अन्न यानी मिलेट्स के व्यंजन भी परोसे जाएंगे। रागी-ज्वार और बाजरा से बनी डिशेज को विदेशी मेहमानों के आगे परोसा जाएगा। रागी डोसा, बाजरा उपमा, मिलेट पोंगल जैसी चीजों को नाश्ते में परोसा जाएगा। इसके साथ ही छाछ,कोकोनट वाटर जैसी ड्रिंक्स भी परोसी जाएंगी। साथ ही मेहमानों की थाली में गुजराती, राजस्थानी, साउथ इंडिया की लोकल डिशेज को भी पहुंचाया जाएगा। खाने में पूरी वैराइटी का ध्यान रखा गया है। जैसे उत्तर भारत का फेमस कश्मीरी पुलाव, दक्कनी तड़का, हैदराबादी वेज और नॉन वेज बिरयानी शामिल किया गया है तो वहीं साउथ इंडियन स्ट्यू को मेन्यू में जगह मिली है। लखनवी कबाब, तंदूरी डिशेज और धीमी आंच पर बनी ग्रेवीज को मेन्यू में परोसा जाएगा।
डिनर मैन्यू में होंगी ये डिशेज
महाराष्ट्र की भाकरवड़ी
राजस्थान की मिनी कचौड़ी
बंगाल की कुचो निमकी
तमिलनाडु का मुरुक्कू
कश्मीरी मसालेदार अखरोट
मिलेट्स डिशेज
एडिबल लोटस को खासतौर पर शामिल किया गया है। इस लोटस को गुलाब, केसर और इलायची के साथ मिलाकर खाने के लिए तैयार किया गया है।
कैसे तैयार होता है शाही मेन्यू
चूंकि इस साल का ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत में आयोजित हो रहा तो अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की पसंद और चुनाव के साथ भारतीय कल्चर और ट्रेडिशनल डिशेज की झलक मिले इस तरह का मेन्यू तैयार किया जाता है। इस मेन्यू को तैयार करते समय सभी मेहमानों की पसंद-नापसंद, एलर्जी और पर्सनल च्वॉइस का ध्यान रखा जाता है। साथ ही शुद्धता और क्वालिटी के मामले में भारी एहतियात बरता जाता है। चूंकि ये बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है, जिसमे कई देशों के लीडर्स और बड़ी राजनीतिक हस्तियां शामिल होती हैं इसलिए खाने का मेन्यू तैयार करने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री कार्यालय, विदेश मंत्रालय और खास इस काम के लिए तैयार की गई प्रोटोकॉल कमेटी की होती है। ये प्रोटोकॉल कमेटियां अपनी देखरेख में पूरा मेन्यू तैयार करवाती हैं। जिससे किसी भी तरह की कमी ना रह जाए और ना ही कोई प्रोटोकॉल टूटे। इस सम्मेलन का मेन्यू तैयार करने की तैयारी पिछले 2-3 महीने से चल रही थी। इस सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी देशों के लीडर्स से लेकर डेलीगेशन के हर इंसान की पसंद और पर्सनल च्वॉइस के साथ हेल्थ से जुड़ी एलर्जीज का ध्यान रखा जाता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


