Source :- LIVE HINDUSTAN
गूगल ने Chrome 156 अपडेट में 353 सिक्योरिटी खामियों को ठीक किया है, जिनमें छह गंभीर खामियां शामिल हैं। जानें अपने कंप्यूटर पर क्रोम को अपडेट करने का आसान तरीका।
Google Chrome यूजर्स के लिए बड़ा सिक्योरिटी अपडेट जारी किया गया है। गूगल ने Chrome 156 अपडेट में 353 सिक्योरिटी खामियों को ठीक किया है। इनमें छह गंभीर खामियां भी शामिल हैं, जो ब्राउजर के ग्राफिक्स, एक्सेसिबिलिटी, रेंडरिंग और कम्युनिकेशन फीचर्स से जुड़ी थीं। ऐसे में अगर आप कंप्यूटर पर क्रोम का इस्तेमाल करते हैं, तो ब्राउजर को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करना जरूरी है।
गूगल ने 20 अक्टूबर 2026 को Windows, macOS और Linux के लिए यह अपडेट जारी किया। कंपनी के मुताबिक, अपडेट अगले कुछ दिनों और हफ्तों में सभी यूजर्स तक पहुंच जाएगा। इसलिए हो सकता है कि कुछ कंप्यूटर पर यह अपडेट तुरंत दिखाई ना दे।
छह गंभीर सिक्योरिटी खामियां ठीक
Chrome 156 में ठीक की गई 353 खामियों में छह को क्रिटिकल कैटेगरी में रखा गया है। इनमें पांच खामियां मेमोरी करप्शन से जुड़ी हैं, जबकि एक में यूज-आफ्टर-फ्री (Use-after-free) समस्या थी। ये खामियां ब्राउजर के Skia ग्राफिक्स इंजन, CSS, Paint, WebRTC और Accessibility जैसे कंपोनेंट्स में मौजूद थीं।
मेमोरी से जुड़ी ऐसी खामियों का गलत इस्तेमाल होने पर ब्राउजर क्रैश हो सकता है या अटैकर को नुकसान पहुंचाने वाला कोड चलाने का मौका मिल सकता है। हालांकि, गूगल की उपलब्ध सिक्योरिटी जानकारी में इन छह गंभीर खामियों के रियल वर्ल्ड साइबर अटैक्स में इस्तेमाल होने की पुष्टि नहीं की गई है।
AI की मदद से भी मिलीं खामियां
अपडेट की एक खास बात यह है कि कुछ सिक्योरिटी खामियों का पता लगाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की भी मदद ली गई। रिपोर्ट के मुताबिक, Anthropic के Claude AI की मदद से एक्सेसिबिलिटी फीचर में एक गंभीर खामी की पहचान की गई। वहीं, OpenAI Codex Security ने WebRTC से जुड़ी गंभीर खामी का पता लगाने में योगदान दिया। इससे पता चलता है कि साइबर सिक्योरिटी रिसर्च में AI टूल्स की भूमिका बढ़ रही है। हालांकि, इन खामियों की पहचान में AI और इंसानी रिसर्चर्स का कितना कॉन्ट्रिब्यूशन रहा, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
ऐसे अपडेट करें Google Chrome
क्रोम को अपडेट करने के लिए यूजर्स को ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें।
- अपने कंप्यूटर पर Google Chrome खोलें।
- ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट्स वाले मेन्यू पर क्लिक करें।
- Help विकल्प पर जाएं और About Google Chrome चुनें।
- क्रोम अपने आप उपलब्ध अपडेट चेक करेगा और उसे डाउनलोड करना शुरू कर देगा।
- अपडेट डाउनलोड होने के बाद Relaunch पर क्लिक करें, ताकि ब्राउजर रीस्टार्ट होकर अपडेट अप्लाई कर सके।
Windows और macOS यूजर्स के लिए 156.0.8078.47 या 156.0.8078.48 वर्जन जारी किए गए हैं, जबकि Linux यूजर्स को 156.0.8078.47 वर्जन चेक करना चाहिए। ब्राउजर को अपडेट रखना ऑनलाइन सुरक्षा के लिए जरूरी है। इससे उन खामियों से बचने में मदद मिलती है, जिन्हें साइबर क्रिमिनल्स निशाना बना सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



