Home rss sports hindi CSK के स्टार खिलाड़ी ने रणजी ट्रॉफी में खेली अपनी सबसे बड़ी...

CSK के स्टार खिलाड़ी ने रणजी ट्रॉफी में खेली अपनी सबसे बड़ी पारी, जड़ा करियर का पहला दोहरा शतक

9
0

Source :- KHABAR INDIATV

IPL में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल ने अब रणजी ट्रॉफी में भी धमाल मचा दिया है। केरल के खिलाफ मुकाबले में उर्विल ने अपने फर्स्ट क्लास करियर की सबसे बड़ी पारी खेलते हुए दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने 210 रन की शानदार पारी खेलकर गुजरात को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उनकी इस पारी की बदौलत गुजरात ने पहली पारी में 9 विकेट पर 534 रन बनाकर पारी घोषित की।

उर्विल पटेल शानदार फॉर्म के साथ इस मुकाबले में उतरे थे। महाराष्ट्र के खिलाफ पिछले ग्रुप मैच में उन्होंने 96 रन की अहम पारी खेली थी, जिसकी मदद से गुजरात मुकाबला ड्रॉ कराने में सफल रहा था। केरल के खिलाफ भी उन्होंने उसी लय को बरकरार रखा और अपने बल्ले से बड़ा कमाल कर दिखाया।

गुजरात ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी रही। अभिषेक और आर्या देसाई ने पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़े। इस साझेदारी को एमडी निधीश ने अभिषेक को आउट कर तोड़ा। इसके बाद आर्या और मनन हींगराजिया ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। हालांकि, टीम का स्कोर 189 रन तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट गिर चुके थे और गुजरात की पारी मुश्किल में नजर आने लगी थी। ऐसे समय में उर्विल पटेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने विशाल जायसवाल के साथ छठे विकेट के लिए 179 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। इस साझेदारी ने गुजरात को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

उर्विल पटेल ने जड़ा दोहरा शतक

टीम का स्कोर 374 रन होने तक सात विकेट गिर चुके थे, लेकिन उर्विल का आक्रामक अंदाज जारी रहा। इसके बाद उन्होंने अमित देसाई के साथ आठवें विकेट के लिए 78 रन जोड़े। अमित 36 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उर्विल ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने सिद्धार्थ देसाई के साथ नौवें विकेट के लिए भी 82 रन की साझेदारी की। आखिरकार गुजरात ने 9 विकेट पर 534 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। उर्विल ने अपनी 210 रन की पारी के दौरान गुजरात के स्कोर को बड़े मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। केरल की ओर से नेदुमनकुझी बेसिल ने तीन विकेट हासिल किए। जवाब में केरल की टीम दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 74 रन बना चुकी थी। सचिन बेबी और कप्तान विष्णु विनोद क्रीज पर मौजूद थे।

IPL में भी अपनी बल्लेबाजी से मचा चुके हैं धूम

उर्विल पटेल को चेन्नई सुपर किंग्स ने मई 2025 में वंश बेदी के रिप्लेसमेंट के तौर पर 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने 7 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल में डेब्यू किया था। हालांकि, आईपीएल में आने से पहले ही वह घरेलू क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके थे।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में गुजरात की ओर से खेलते हुए उन्होंने त्रिपुरा के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। IPL में अब तक वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 10 मुकाबले खेल चुके हैं। इन मैचों में उनके नाम 197 रन हैं। उनका औसत 19.70 और स्ट्राइक रेट 205.21 का रहा है। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है।

यह भी पढ़ें:

शुभमन गिल के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड में 105 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास

IND vs NZ ODI सीरीज से पहले आई बड़ी खुशखबरी, भारतीय तेज गेंदबाज हुआ फिट, जल्द न्यूजीलैंड होंगे रवाना

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV