Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- राधाकिशन दमानी की अगुवाई वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के रेवन्यू में 18.4 प्रतिशत का इजाफा हुआ है
- यह डीमार्ट की पैरेंट कंपनी है
Avenue Supermarts Q2 business update: डीमार्ट नाम से खुदरा दुकानों का संचालन करने वाली एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने बिजनेस अपडेट दिया है। एकल आधार पर ऑपरेटिंग इनकम चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 18.4 प्रतिशत बढ़कर 19,206.18 करोड़ रुपये रही। एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने शनिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में उसकी परिचालन आय 16,218.79 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा, ’30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में एकल आधार पर ऑपरेटिंग इनकम 19,206.18 करोड़ रुपये रही।’ डीमार्ट की आय तिमाही आधार पर 4.7 प्रतिशत बढ़ी। कंपनी की आय जून तिमाही में 18,343.49 करोड़ रुपये थी।
518 है स्टोर की संख्या
दमानी परिवार प्रवर्तित इस कंपनी के स्टोर की कुल संख्या 30 सितंबर तक 518 थी। इसमें महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित सानपाड़ा का स्टोर भी शामिल है, जो पुनर्निर्माण के कारण फिलहाल ग्राहकों के लिए बंद है।
राधाकिशन दमानी और उनके परिवार द्वारा प्रवर्तित डीमार्ट महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), तमिलनाडु, पंजाब और राजस्थान समेत विभिन्न बाजारों में रोजमर्रा के घरेलू तथा व्यक्तिगत उपयोग के उत्पाद बेचता है।
शेयरों का प्रदर्शन कैसा
इस बिजनेस अपडेट की जानकारी सामने आने के बाद अब सोमवार को यह स्टॉक फोकस में रहेगा। गुरुवार को कंपनी के शेयर 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 3809.70 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। इस साल यानी 2026 में इस कंपनी के शेयरों का दाम 2.48 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, इसके बाद भी एक साल से शेयरों को होल्ड करने वाले इनवेस्टर्स को अबतक 14 प्रतिशत से अधिक का नुकसान हो चुका है। दो साल में कंपनी के शेयरों का दाम 23 प्रतिशत लुढ़का है। बता दें, बीते 5 साल में कंपनी के शेयरों की कीमतों में 10 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है।
इस कंपनी में राधाकिशन दमानी की हिस्सेदारी 22.97 प्रतिशत की है। वहीं, गोपी शिवकिशन दमानी के पास 5.59 प्रतिशत हिस्सा है। श्रीकांतादेवी राधाकिशन दमानी के पास 1 प्रतिशत हिस्सा है। बता दें, कंपनी में प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप की कुल हिस्सेदारी 74.48 प्रतिशत और पब्लिक के पास 25.52 प्रतिशत हिस्सा है।
(भाषा के इनपुट के साथ)
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




