Home rss business hindi DA का इंतजार खत्म, 1 अक्टूबर से इन सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा...

DA का इंतजार खत्म, 1 अक्टूबर से इन सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अक्टूबर का महीना सरकारी कर्मचारियों के लिए काफी अहम होने वाला है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इस महीने में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनर्स के महंगाई राहत (DR) पर सरकार फैसला ले सकती है। अब तक के पैटर्न के हिसाब से देखें तो यह कहा जा सकता है कि भत्ते पर सरकार अक्टूबर महीने में निर्णय लेगी। एक तरफ केंद्रीय कर्मचारियों को सरकार के फैसले का इंतजार है तो एक अक्टूबर से पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों का इंतजार खत्म होने वाला है।

बंगाल में कितनी बढ़ोतरी

जून महीने में पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 20% की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। यह बढ़ोतरी 1 अक्टूबर से लागू होगी। इस बढ़ोतरी से पश्चिम बंगाल राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए DA और DR बढ़कर मूल वेतन का 38% हो जाएगा। इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों, पेंशनधारकों, सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों, वैधानिक निकायों, सरकारी उपक्रमों, पंचायतों, नगरपालिकाओं, नगर निगमों तथा अन्य स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को मिलेगा।

क्या है अधिसूचना में?

वित्त विभाग की अधिसूचना के अनुसार, कार्यरत कर्मचारियों को संशोधित मूल वेतन का 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। वहीं, पेंशनधारकों और पारिवारिक पेंशनधारकों को संशोधित पेंशन पर इसी दर से महंगाई राहत दी जाएगी। अधिसूचना में कहा गया है कि पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता एक अक्टूबर से मौजूदा के 171 प्रतिशत से बढ़ाकर 223 प्रतिशत कर दिया गया है।

इसके अलावा, जिन पेंशनधारकों और पारिवारिक पेंशनधारकों की पेंशन अभी तक आरओपीए-2009 के तहत संशोधित नहीं हुई है, उन्हें संशोधित पेंशन लागू होने तक 223 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत मिलेगी। अधिसूचना के मुताबिक महंगाई भत्ते की गणना संशोधित मूल वेतन और जहां लागू हो, गैर-व्यावसायिक भत्ते (एनपीए) के आधार पर की जाएगी। इसमें अन्य किसी भत्ते को शामिल नहीं किया जाएगा।

सरकार ने उन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए दैनिक मजदूरी में 110 रुपये की तदर्थ बढ़ोतरी की भी घोषणा की है, जिनका पारिश्रमिक न्यूनतम मजदूरी अधिनियम जैसे वैधानिक प्रावधानों के दायरे में नहीं आता। यह बढ़ोतरी भी एक अक्टूबर से लागू होगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जनवरी 2027 तक 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का वादा किया है। सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के हिसाब से केंद्रीय कर्मचारियों का भत्ता अभी 60 पर्सेंट है। ऐसा अनुमान है कि इस बार 3 पर्सेंट की बढ़ोतरी होगी। अगर ऐसा हुआ तो भत्ता 63 पर्सेंट हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN