Source :- LIVE HINDUSTAN
दिवाली पर घर में ही मिठाई बनाने का प्लान है, लेकिन घंटों मेहनत करने का मूड नहीं है तो ये रेसिपी आपके लिए है। इसे बनाने के लिए ना आपको ज्यादा चीजों की जरूरत है और ना ही टाइम की। फटाफट बन जाएगी और खाने में बहुत स्वादिष्ट लगेगी।
दिवाली के त्योहार पर घर में तरह-तरह की मिठाइयां बनती हैं। लेकिन हर बार आपको टेस्टी मिठाई बनाने के लिए घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है। बिना गैस जलाए ही आप बहुत टेस्टी मिठाई मिनटों में बना सकते हैं। अचानक से कुछ मीठा खाने का मन हो जाए या बच्चे मीठे में कुछ खाने की जिद करें, ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। बस फटाफट से बिस्किट के पैकेट से ये मिठाई बनाकर रेडी कर लें। अगर आपको चॉकलेट खाना पसंद है, तो ये मिठाई आपको बहुत ज्यादा पसंद आने वाली है। दिवाली पर मेहमान आए हों या फिर घर की बनी मिठाई ही खाना चाहते हों, दिवाली के लिए ये रेसिपी एकदम परफेक्ट रहेगी। तो चलिए फटाफट से जान लेते हैं दिवाली पर बिना गैस जलाए मिठाई बनाने की रेसिपी।
बिस्किट से दिवाली मिठाई बनाने की सामग्री
अगर आप दिवाली मिठाई बनाने के लिए घंटों मेहनत नहीं करना चाहते हैं, तो बिना गैस जलाए बिस्किट से ये टेस्टी मिठाई बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बिस्किट (3 पैकेट), चॉकलेट स्प्रेड (3 चम्मच), मिल्क पाउडर (डेढ़ कप), दूध (आधा कप), बादाम पाउडर (2 चम्मच), चीनी पाउडर (1/4 कप), दूध (1/8 कप), बादाम।
स्टेप बाय स्टेप सीखें दिवाली की आसान मिठाई बनाना
स्टेप 1- बिस्किट को पीसकर तैयार करें
सबसे पहले आपको बिस्किट लेने हैं और इन्हें मिक्सर में पीसकर एक फाइन पाउडर बना लेना है। ध्यान रहे मिठाई बनाने के लिए ग्लूकोज बिस्किट का इस्तेमाल करें, उससे फ्लेवर अच्छा आता है।
स्टेप 2- बिस्किट से बनाएं फिलिंग
अब बिस्किट के पाउडर में थोड़ी सी चॉकलेट स्प्रेड डालें। आप चाहें तो नॉर्मल चॉकलेट को पिघलाकर भी इसमें डाल सकते हैं। अब थोड़ा-थोड़ा दूध एड करें और मिक्स करते हुए एक डो सा लगाकर तैयार कर लें। इसे हाथों की मदद से लंबा रोल कर लें और हल्की स्क्वायर शेप दें।
स्टेप 3- मिठाई की बाहरी लेयर तैयार करें
मिठाई की बाहर वाली लेयर बनाने के लिए एक बाउल में मिल्क पाउडर लें। इसमें दो चम्मच बादाम का पाउडर, चीनी पाउडर और थोड़ा-थोड़ा दूध मिलाते हुए अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस मिक्सचर को एक बटर पेटर पर रखें और बेलन की मदद से हल्के हाथों से पतला बेल लें।
स्टेप 4- मिठाई को शेप दें
मिठाई की बाहर वाली लेयर बेलने के बाद, बिस्किट वाले मिक्सचर का रोल इसके बीच में रखें। फिर रोल करते हुए इसे अच्छे से कवर कर लें। मिठाई पर आप कटे हुए बादाम या अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स लगा सकते हैं। फिर इसे बटर पेपर में कवर कर के 5-10 मिनट के लिए फ्रिज में सेट होने रख दें।
स्टेप 5- मिठाई के पीस कट करें
फ्रिज में सेट होने के बाद रोल को चाकू की मदद से गोल-गोल शेप में काट लें। मिठाई के पीस आप अपने हिसाब से छोटे बड़े रख सकते हैं। बस आपकी मिठाई तैयार है। इसे दिवाली पर मेहमानों को सर्व करें और घरवालों के साथ खुद भी एंजॉय करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



