Source :- LIVE HINDUSTAN
अब फिटनेस ट्रैक करने का मतलब सिर्फ कदम गिनना नहीं रह गया है। लोग चाहते हैं कि उनका गैजेट वर्कआउट, नींद, हार्ट रेट और रोजाना की एक्टिविटी पर भी नजर रखे। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए Google ने Fitbit Edge नाम का नया फिटनेस ट्रैकर पेश किया है। कंपनी का कहना है कि यह उसका अब तक का सबसे स्मार्ट फिटनेस ट्रैकर है। इसमें स्क्रीन के साथ कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो आम फिटनेस बैंड से इसे अलग बनाते हैं। Fitbit Edge में ECG ऐप, लगातार हार्ट रेट मॉनिटरिंग, स्किन टेम्परेचर सेंसर और बिल्ट-इन GPS मिलता है।
यह 50 से ज्यादा एक्सरसाइज मोड सपोर्ट करता है और कंपनी के मुताबिक, 100 तरह की एक्टिविटी को अपने आप पहचानकर रिकॉर्ड कर सकता है। इसके साथ ही कंपनी का दावा है कि इस बैंड को 5 मिनट की चार्जिंग में एक दिन इस्तेमाल किया जा सकता है। यह बैंड अभी अमेरिका में पेश हुआ है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इसकी उपलब्धता के लिए इंतजार करना होगा।
Google Fitbit Edge की कीमत और उपलब्धता
Google Fitbit Edge की कीमत अमेरिका में 179.99 डॉलर रखी गई है। भारतीय रुपये में यह करीब 16,000 रुपये के आसपास बैठती है। कंपनी ने इसकी प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। इसकी सेल 27 अक्टूबर से शुरू होगी। खरीदने वाले ग्राहकों को तीन महीने के लिए Google Health Premium का सब्सक्रिप्शन भी मुफ्त मिलेगा। Fitbit Edge को चार कलर में पेश किया गया है जो Obsidian, Fog, Olive और Canyon। हालांकि, अभी भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
Google Fitbit Edge का डिजाइन
Google Fitbit Edge को पतले और हल्के डिजाइन में तैयार किया गया है। इसकी मोटाई करीब 11.5mm है और इसका वजन बिना बैंड के लगभग 17.7 ग्राम है। इसमें रिसाइकिल किए गए एल्युमिनियम की बॉडी मिलती है। कंपनी का कहना है कि इसका केस Apple Watch Series 12 के मुकाबले 45 प्रतिशत हल्का है। ट्रैकर में एक फिजिकल साइड बटन भी दिया गया है। इसकी मदद से यूजर वर्कआउट को रोकने या दूसरे कंट्रोल इस्तेमाल करने जैसे काम कर सकते हैं। यह फीचर दौड़ते समय या एक्सरसाइज के दौरान काम आ सकता है, जब स्क्रीन पर बार-बार टैप करना आसान नहीं होता।
Google Fitbit Edge के बड़ी खासियतें
Fitbit Edge में ECG ऐप दिया गया है। इसकी मदद से यूजर अपनी कलाई से हार्ट रिदम चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें ऑप्टिकल हार्ट रेट सेंसर है, जो लगातार दिल की धड़कन पर नजर रखता है। इसमें स्किन टेम्परेचर सेंसर भी मिलता है, जो रात में शरीर के टेम्परेचर में होने वाले बदलावों को रिकॉर्ड करता है। Google ने इसमें Health Guardian नाम का फीचर भी दिया है। हालांकि, इन फीचर्स को मेडिकल चेक का ऑप्शन नहीं समझना चाहिए। ट्रैकर के हिसाब से किसी बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती और न ही इनके आधार पर दवा या इलाज में बदलाव करना चाहिए।
Fitbit Edge की एक बड़ी खासियत Google Health Coach है। यह यूजर की एक्टिविटी और फिटनेस से जुड़े डेटा के आधार पर पर्सनलाइज्ड गाइडेंस देने के लिए बनाया गया है। वर्कआउट के लिए Fitbit Edge में 50 से ज्यादा एक्सरसाइज मोड दिए गए हैं। इसमें बिल्ट-इन GPS भी है। यानी आउटडोर रनिंग के दौरान रास्ता रिकॉर्ड करने के लिए हर बार फोन साथ रखना जरूरी नहीं होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




