Source :- LIVE HINDUSTAN
Festive Sale Scam Alert: सरकार ने फर्जी फेस्टिव ऑफर्स और नकली शॉपिंग वेबसाइट को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। जानें कैसे फर्जी डिस्काउंट और मिलती-जुलती वेबसाइट के जरिए साइबर ठग आपकी कमाई को निशाना बना सकते हैं।
त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के लिए जरूरी खबर है। दिवाली सेल में साइबर ठग मशहूर ब्रांड के नाम, लोगो और प्रोडक्ट की तस्वीरों का इस्तेमाल करके नकली शॉपिंग वेबसाइट बना रहे हैं। इन वेबसाइट पर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरे सामान बेहद कम कीमत पर बेचने का दावा किया जाता है। ग्राहक ऑफर के लालच में आकर पेमेंट कर देते हैं, लेकिन कई बार सामान नहीं मिलता और उनकी पर्सनल डिटेल्स जानकारी भी खतरे में पड़ सकती है।
सरकार की साइबर सुरक्षा जागरूकता पहल CyberDost ने सोशल मीडिया पर फर्जी शॉपिंग ऐड को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। ऑनलाइन खरीदारी करते समय वेबसाइट की सही पहचान करना और ऑफर की पुष्टि करना और भी जरूरी हो जाता है।
नकली वेबसाइट पर मिलते हैं बेहद सस्ते ऑफर
ऑनलाइन ठगी का एक आम तरीका नकली शॉपिंग वेबसाइट बनाना है। इसमें ठग किसी पॉपुलर कंपनी जैसे अमेजन और फ्लिपकार्ट की नकली वेबसाइट बनाकर ठगी करते हैं। कई बार वेबसाइट का लोगो, प्रोडक्ट की तस्वीरें और ऑफर का पेज भी असली प्लेटफॉर्म जैसा दिखाई देता है। ग्राहक को लग सकता है कि यह सीमित समय का ऑफर है और बाद में कीमत बढ़ जाएगी। इसी जल्दबाजी में वह वेबसाइट की जांच किए बिना ऑर्डर कर देता है। पेमेंट के बाद सामान नहीं पहुंचता या वेबसाइट कुछ समय बाद बंद हो जाती है।
सोशल मीडिया ऐड पर आंख बंद करके न करें भरोसा
CyberDost के मुताबिक फेसबुक, इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक डिस्काउंट वाले ऐड दिखाई देते हैं। ठग लोकप्रिय ब्रांड की तस्वीरें और लोगो कॉपी करके ऐसे ऐड बना सकते हैं, जिनमें बहुत कम कीमत पर महंगे प्रोडक्ट देने का दावा किया जाता है। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद ग्राहक को किसी अनजान वेबसाइट पर भेजा जाता है और ठगी की जाती है।
वेबसाइट का URL चेक करना न भूलें
CyberDost के मुताबिक ऑनलाइन खरीदारी के दौरान वेबसाइट का URL चेक सबसे जरूरी काम है। नकली वेबसाइट का पता असली वेबसाइट से मिलता-जुलता हो सकता है। ऐसे में नाम के अक्षर, अतिरिक्त शब्द और डोमेन को ध्यान से देखना चाहिए। अगर वेबसाइट का नाम संदिग्ध लगे, कंपनी की जानकारी स्पष्ट न हो या कांटेक्ट करने का सही तरीका न मिले, तो वहां खरीदारी करने से बचें। Google पर किसी वेबसाइट या कस्टमर केयर नंबर को खोजते समय भी सावधानी रखें। सबसे ऊपर दिखने वाला ऐड जरूरी नहीं कि कंपनी का आधिकारिक पेज हो।
फेस्टिव सेल में खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. खरीदारी हमेशा आधिकारिक ऐप या भरोसेमंद वेबसाइट से करें।
2. ऑफर का लिंक खोलने से पहले वेबसाइट का नाम और URL जांचें।
3. बहुत ज्यादा छूट या कम कीमत वाले ऑफर की डिटेल कन्फर्म करें।
4. अनजान वेबसाइट पर कार्ड, बैंकिंग या UPI की जानकारी दर्ज न करें।
5. किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या UPI PIN साझा न करें।
6. WhatsApp या SMS पर मिले संदिग्ध लिंक से ऐप डाउनलोड न करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




