Source :- LIVE HINDUSTAN
एमबाप्पे ने शनिवार को पराग्वे के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में पेनल्टी किक पर गोल दागकर अपने विश्व कप करियर का 19वां और मौजूदा टूर्नामेंट का सातवां गोल करके अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के साथ ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ रोचक बना दी।
फ्रांस के काइलियन एमबाप्पे ने शनिवार को पराग्वे के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में पेनल्टी किक पर गोल दागकर अपने वर्ल्ड कप करियर का 19वां और मौजूदा टूर्नामेंट का सातवां गोल करके अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के साथ ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ रोचक बना दी। इन दोनों खिलाड़ियों ने मौजूदा फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक सर्वाधिक सात सात गोल किए हैं और वह टूर्नामेंट में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को मिलने वाले ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे हैं।
नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड और इंग्लैंड के हैरी केन पांच-पांच गोल के साथ ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में अगले स्थान पर हैं।
अपना छठा विश्व कप खेल रहे मेस्सी ने फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर सर्वाधिक 20 गोल किए हैं और इस तरह से एमबाप्पे इस रिकॉर्ड के मामले में उनसे केवल एक गोल पीछे हैं।
यही नहीं एमबाप्पे का विश्व कप के नॉकआउट राउंड में यह 11वां गोल था और इस तरह से उन्होंने अपने रिकॉर्ड को आगे बढ़ाया। वह तीन विश्व कप में से प्रत्येक के नॉकआउट राउंड में कम से कम तीन गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
फ्रांस विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में
स्टार स्ट्राइकर काइलियन एमबाप्पे ने अपने पांव का जादू दिखाते हुए पेनल्टी को गोल में बदला जिससे फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से पराजित करके विश्व कप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
पराग्वे के खिलाड़ियों ने एमबाप्पे को खुलकर खेलने से रोके रखा और इस बीच उन्हें भड़काने की भी कोशिश की। यह दिग्गज खिलाड़ी हालांकि शांत बना रहा और इस बीच मुस्कुरा कर खेल का पूरा आनंद भी लेता रहा। यही वजह थी कि जब फ्रांस को 70वें मिनट में पेनल्टी मिली तो उन्होंने बड़ी सहजता से पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल को छकाकर उस पर गोल कर दिया।
एमबाप्पे के विश्व कप करियर का यह 19वां गोल था जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। भीषण गर्मी में खेले गए इस मैच में एमबाप्पे के इस गोल ने फ्रांस को लगातार चौथी बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।
एमबाप्पे ने बाद में कहा, ”हम जानते थे कि इस मैच में क्या होने वाला है। हम भी आक्रामक हो सकते थे लेकिन हम जानते हैं कि कैसे खेलना है। हमें पता है कि आक्रामक फुटबॉल कैसे खेलते हैं। शायद वे सोच रहे थे कि हम सूट-बूट में आएंगे, लेकिन हम तैयार थे।”
फ्रांस क्वार्टर फाइनल में बृहस्पतिवार को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो में मोरक्को का सामना करेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




