Home rss business hindi Flexi-Cap Funds: जहां लोग आंख बंद कर लगा रहे पैसा, वो MF...

Flexi-Cap Funds: जहां लोग आंख बंद कर लगा रहे पैसा, वो MF निकला फुस्स! ये फंड रहा सबसे आगे

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पिछले 1 साल में पराग पारिख फ्लेक्सी कैप, HDFC फ्लेक्सी कैप और कोटक फ्लेक्सी कैप को पीछे छोड़ ITI फ्लेक्सी कैप फंड ने दिया 14.07% का रिकॉर्ड रिटर्न।

फ्लेक्सी-कैप म्यूचुअल फंड निवेशकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं, क्योंकि इन फंडों के मैनेजर को बड़ी, मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में निवेश करने की आजादी होती है, यानी बाजार की स्थिति के अनुसार फंड का पैसा अलग-अलग मार्केट-कैप वाली कंपनियों में लगाया जा सकता है। लेकिन, इस कैटेगरी में एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। कुल 46 फ्लेक्सी-कैप स्कीम्स में से सिर्फ तीन बड़े फंड पराग पारिख फ्लेक्सी कैप (Parag Parikh Flexi Cap), HDFC फ्लेक्सी कैप (HDFC Flexi Cap) और कोटक फ्लेक्सी कैप (Kotak Flexi Cap) मिलकर कैटेगरी की आधे से ज्यादा संपत्ति संभाल रहे हैं। सवाल यह है कि क्या सबसे ज्यादा पैसा संभालने वाले ये फंड रिटर्न के मामले में भी सबसे आगे हैं?

AMFI के 31 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, फ्लेक्सी-कैप फंड कैटेगरी का कुल AUM यानी एसेट अंडर मैनेजमेंट करीब ₹6.11 लाख करोड़ था। इसमें पराग पारिख फ्लेक्सी कैप (Parag Parikh Flexi Cap), HDFC फ्लेक्सी कैप और कोटक फ्लेक्सी कैप (Kotak Flexi Cap) का संयुक्त AUM करीब ₹3.17 लाख करोड़ रहा, यानी इन तीनों के पास पूरी कैटेगरी की लगभग 51.9 फीसदी संपत्ति है। हालांकि, हालिया प्रदर्शन देखने पर तस्वीर कुछ अलग नजर आती है। 11 सितंबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, एक साल में इन तीनों में से कोई भी टॉप परफॉर्मर नहीं रहा।

टॉप 3 फ्लेक्सी-कैप फंड्स का प्रदर्शन कैसा रहा है?

फ्लेक्सी-कैप फंड AUM ( ₹ crore) शेयर ऑफ कैटेगिरी AUM 1-ईयर रिटर्न
पराग पारिख फ्लेक्सी कैप 1,47,405 24.11% -4.04%
HDFC फ्लेक्सी कैप 1,13,606 18.58% 1.86%
कोटक फ्लेक्सी कैप 56,392 9.22% 0.10%
कंबाइंड 3,17,403 51.91%

सबसे बड़े फंड पराग पारिख फ्लेक्सी कैप (Parag Parikh Flexi Cap) ने एक साल में करीब 4.04 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया। वहीं, HDFC फ्लेक्सी कैप का रिटर्न 1.86 फीसदी और कोटक फ्लेक्सी कैप (Kotak Flexi Cap) का करीब 0.10 फीसदी रहा। इसके उलट, अपेक्षाकृत छोटे ITI फ्लेक्सी कैप ने इसी अवधि में करीब 14.07 फीसदी रिटर्न दिया। इसका AUM सिर्फ ₹1,588 करोड़ था, जो पूरी कैटेगरी के AUM का लगभग 0.26 फीसदी है। इससे साफ होता है कि किसी फंड का बड़ा AUM अपने आप में बेहतर हालिया प्रदर्शन की गारंटी नहीं है।

किन फ्लेक्सी-कैप फंड्स ने 1 साल में दिया सबसे ज्यादा रिटर्न?

Flexi-cap funds AUM ( ₹ crore) 1-year return
ITI Flexi Cap 1,588 14.07%
Quant Flexi Cap 7,364 13.72%
Bank of India Flexi Cap 2,953 13.32%

हालांकि, लंबी अवधि यानी 5 साल के आंकड़ों में तस्वीर थोड़ी बदल जाती है। HDFC फ्लेक्सी कैप ने करीब 17.47 फीसदी रिटर्न के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। बैंक ऑफ इंडिया फ्लेक्सी कैप करीब 16.79 फीसदी और JM फ्लेक्सी कैप करीब 15.74 फीसदी के साथ आगे रहे। दूसरी ओर पराग पारिख फ्लेक्सी कैप (Parag Parikh Flexi Cap) का 5 साल का रिटर्न 11.61 फीसदी और कोटक फ्लेक्सी कैप (Kotak Flexi Cap) का 10.57 फीसदी रहा।

इन आंकड़ों से निवेशकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह निकलती है कि केवल AUM देखकर किसी फ्लेक्सी-कैप फंड को अच्छा या खराब मानना सही नहीं है। बड़ा AUM लंबे ट्रैक रिकॉर्ड, निवेशकों के भरोसे और लगातार आने वाले निवेश की वजह से भी हो सकता है। फंड चुनते समय अलग-अलग समय अवधि के रिटर्न, प्रदर्शन की निरंतरता, निवेश रणनीति, पोर्टफोलियो और जोखिम को देखना जरूरी है। साथ ही म्यूचुअल फंड के रिटर्न बाजार से जुड़े होते हैं, इसलिए पिछला प्रदर्शन भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं देता।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN