Home - Flipkart BBD Sale के नाम पर स्कैम! मिल रहे फर्जी ऑफर, एक...

Flipkart BBD Sale के नाम पर स्कैम! मिल रहे फर्जी ऑफर, एक गलती से गंवा सकते हैं पैसे

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Flipkart ने Big Billion Days 2026 के दौरान कंपनी के नाम पर चल रहे फर्जी ऑफर, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर ग्राहकों को सतर्क किया है। WhatsApp पर आए अनजान लिंक से बचें और OTP, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ शेयर ना करें।

फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान मिलने वाले भारी डिस्काउंट के बीच साइबर स्कैमर भी एक्टिव हो गए हैं। Flipkart Big Billion Days 2026 के नाम पर ग्राहकों को निशाना बनाने के लिए फेक वेबसाइट, सोशल मीडिया अकाउंट और ऑफर्स से जुड़े फर्जी मैसेज का इस्तेमाल किया जा सकता है। Flipkart ने 6 अक्टूबर, 2026 को जारी अपनी स्कैम एडवाइजरी में ग्राहकों को कंपनी के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल करने वाले फर्जी ऑफर्स से सावधान रहने की सलाह दी है। कंपनी के मुताबिक, स्कैमर्स का मकसद ग्राहकों से पैसे ऐंठना या उनकी पर्सनल जानकारी चुराना हो सकता है।

WhatsApp पर कैसे हो सकता है स्कैम?

नए तरह के स्कैम में यूजर्स को WhatsApp पर बेहद सस्ते स्मार्टफोन, भारी डिस्काउंट, फ्री गिफ्ट या लकी ड्रॉ जीतने जैसे ऑफर वाले मैसेज भेजे जा सकते हैं। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद ग्राहक को ऐसी वेबसाइट पर पहुंचाया जा सकता है, जो दिखने में Flipkart की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगे। वहां नाम, मोबाइल नंबर, पता और दूसरी निजी जानकारियां मांगी जा सकती हैं। कुछ मामलों में स्कैमर्स फर्जी पेमेंट पेज के जरिए पैसे भी चुरा सकते हैं।

Flipkart ने अपनी एडवाइजरी में बताया है कि स्कैमर कंपनी के नाम और Big Billion Days की ब्रैंडिंग का इस्तेमाल करके नकली वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट बना सकते हैं। कंपनी ने WhatsApp के अलावा Instagram, Facebook, YouTube और X जैसे प्लेटफॉर्म पर भी ऐसे फर्जी अकाउंट्स से सावधान रहने को कहा है।

ऐसे पहचानें असली और नकली ऑफर

किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसका मिलान Flipkart के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट से करें। वेबसाइट का पूरा URL ध्यान से देखें, क्योंकि केवल कंपनी का नाम या लोगो दिखाई देना उसके असली होने का प्रूफ नहीं है। बहुत कम कीमत पर महंगा फोन देने, तुरंत पेमेंट करने या लिमिटेड टाइम में लिंक ओपेन करने का दबाव बनाने वाले मैसेज से सावधान रहें।

किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, UPI PIN या कार्ड का CVV शेयर ना करें। किसी कस्टमर केयर रिप्रेजेंटेटिव के कहने पर कोई ऐप भी इंस्टॉल ना करें।

स्कैम का शिकार बनने पर क्या करें?

अगर किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद बैंक खाते से पैसे कट जाएं, तो तुरंत अपने बैंक को जानकारी दें और साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन पर कॉन्टैक्ट करें। शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी रजिस्ट की जा सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN