Source :- LIVE HINDUSTAN
Samsung Galaxy A18 4G को नए Exynos 1610 चिपसेट, 90Hz Super AMOLED डिस्प्ले और 5000mAh बैटरी के साथ ग्लोबली लॉन्च किया गया है। फिलहाल भारतीय मार्केट में इसके लॉन्च का अभी इंतजार करना होगा।
साउथ कोरियन टेक कंपनी Samsung ने Galaxy A18 4G को आधिकारिक तौर प ग्लोबल मार्केट में लॉन्च कर दिया है। कंपनी का यह नया बजट स्मार्टफोन अपने प्रोसेसर की वजह से खास तौर पर सुर्खियों में है। लॉन्च से पहले सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि Galaxy A18 4G में MediaTek Helio G99 चिपसेट मिलेगा। हालांकि, Samsung ने उम्मीद से अलग जाते हुए इसमें नया Exynos 1610 चिपसेट दिया है। इस प्रोसेसर के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
नए Galaxy A18 4G में 6.7 इंच का Super AMOLED डिस्प्ले मिलता है। स्क्रीन 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है और फोन में फ्लैट फ्रेम के साथ राउंडेड कॉर्नर्स दिए गए हैं। फ्रंट में वॉटरड्रॉप नॉच देखने को मिलता है। Samsung ने इस फोन को ब्लैक, ग्रे और लाइट ब्लू कलर में पेश किया है।
ऐसा है नए फोन का कैमरा सेटअप
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन के पीछे ट्रिपल कैमरा सिस्टम दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 13 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
Galaxy A18 4G में 5,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 25W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। Samsung के मुताबिक फोन करीब 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है। फोन को IP64 रेटिंग भी मिली है, जिससे यह धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा देता है।
मिलेंगे छह साल तक OS अपडेट्स
सॉफ्टवेयर के मामले में Galaxy A18 4G काफी लंबा सपोर्ट लेकर आया है। फोन Android 17 पर बेस्ड One UI 9.0 पर चलता है। Samsung इस फोन के लिए छह साल तक OS अपडेट और सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रहा है। यह वही लंबी सॉफ्टवेयर सपोर्ट पॉलिसी है जिसे कंपनी ने Galaxy A17 के साथ भी अपनाया था।
डिवाइस में Samsung के कुछ Galaxy AI फीचर्स भी दिए गए हैं। इनमें Circle to Search शामिल है। इसके अलावा Gemini इंटीग्रेशन की मदद से यूजर्स नैचुरल लैंग्वेज में कुछ काम कर सकते हैं, जैसे मैसेज भेजना या कैलेंडर में इवेंट ऐड करना।
इतनी रखी गई है फोन की कीमत
Samsung Galaxy A18 4G का बेस मॉडल 4GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है। फ्रांस में इसकी कीमत 280 यूरो रखी गई है। नॉर्वे और स्वीडन में 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट भी उपलब्ध होगा। भारतीय कीमत और भारत में लॉन्च को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और ग्राहकों को इंतजार करना होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



