Source :- LIVE HINDUSTAN
Glass hair Mask at Home: अगर आपके बाल रूखे, उलझे और बेजान हो गए हैं, तो सिर्फ दो चीजों से बना यह ग्लास हेयर मास्क आपके काम आ सकता है। यह बालों को मुलायम, चमकदार और संभालने में आसान बनाने में मदद करता है।
आजकल हर कोई मुलायम, चमकदार और बिना उलझे बाल चाहता है। इसी वजह से पार्लर वाले महंगे हेयर ट्रीटमेंट काफी लोकप्रिय हो गए हैं, लेकिन हर बार उन पर पैसा खर्च करना आसान नहीं होता। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से भी बालों की देखभाल की जा सकती है।
रोजमेरी के पानी और चावल के आटे से बना ये ग्लास हेयर मास्क ऐसा ही एक आसान नुस्खा है जो बालों को पोषण देने, रूखेपन को कम करने और उनकी प्राकृतिक चमक बढ़ाने में मदद करता है। अगर आप बिना ज्यादा खर्च किए घर पर ही बालों की अच्छी देखभाल करना चाहते हैं, तो यह नुस्खा एक बार जरूर ट्राई कर सकते हैं।
ग्लास हेयर मास्क बनाने का तरीका
एक बर्तन में रोजमेरी का पानी डालें और उसमें चावल का आटा मिलाएं। अब इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। कुछ ही मिनटों में यह गाढ़ा और मुलायम पेस्ट बन जाएगा। जब मिश्रण पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो यह बालों में लगाने के लिए तैयार है।
बालों में कैसे लगाएं?
सबसे पहले बालों को सुलझा लें। अब तैयार मास्क को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह लगाएं। करीब 30 से 40 मिनट तक इसे लगा रहने दें। इसके बाद हल्के शैंपू से बाल धो लें। बेहतर नतीजों के लिए सप्ताह में एक बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
ग्लास हेयर मास्क के फायदे
- मुलायम और रेशमी बाल: यह मास्क बालों को नमी देने में मदद करता है, जिससे रूखे बाल पहले से ज्यादा मुलायम महसूस होते हैं।
- उलझे और फैले हुए बालों के लिए: अगर आपके बाल जल्दी उलझ जाते हैं या बहुत ज्यादा फैलते हैं, तो यह मास्क उन्हें संभालने में आसान बना सकता है।
- बेजान बालों में नेचुरल शाइन: नियमित इस्तेमाल से बालों की खोई हुई चमक वापस आने में मदद मिलती है और वे पहले से ज्यादा हेल्दी नजर आते हैं।
- सिर की त्वचा को पोषण: यह मास्क सिर की त्वचा को साफ रखने और उसे जरूरी पोषण देने में सहायक है, जिससे बालों की भी अच्छी देखभाल होती है।
- मजबूत बाल: यह बालों को पोषण देकर उन्हें कमजोर होने और टूटने से बचाने में मदद करता है।
- घर पर पार्लर जैसा फील: अगर आप बिना ज्यादा खर्च किए बालों की अच्छी देखभाल करना चाहते हैं, तो यह आसान घरेलू मास्क आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।
ध्यान रखें!
इस मास्क को हमेशा ताजा बनाकर ही इस्तेमाल करें।
अगर सिर की त्वचा पर किसी तरह की एलर्जी या घाव है, तो पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।
पहली बार इस्तेमाल करने से पहले त्वचा के एक छोटे हिस्से पर जांच जरूर करें।
अच्छे नतीजों के लिए संतुलित आहार और सही हेयर केयर भी जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




