Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/05/31/1200x900/vaibhav_shekhar_1780225480493_1780225489136_e08783f5-a956-4403-917c-a697e53479b7.png

बिहार से आनेवाले क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन से सबके दिलों में अपनी खास जगह बना ली है। फिल्ममेकर शेखर कपूर भी वैभव के फैन हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सूर्यवंशी इतने शानदार क्रिकेट प्लेयर नहीं होते तो वो उन्हें अपनी फिल्म मासूम में कास्ट कर लेते।

आईपीएल 2026 का आज फाइनल मैच खेला जाना है। इस साल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने शानदार क्रिकेट खेलकर करोड़ों दिलों में अपनी जगह बना ली है। आम जनता ही नहीं, बॉलीवुड सेलेब्स भी वैभव के क्रिकेट के खेल के फैन हो गए हैं। कुछ दिनों पहले अमिताभ बच्चन ने क्रिकेटर की तारीफ की थी। अब फिल्ममेकर शेखर कपूर ने वैभव सूर्यवंशी के खेल की तारीफ की है। इतना ही नहीं शेखर ने कहा कि वो वैभव को मासूम में कास्ट कर लेते।

वैभव सूर्यवंशी के लिए क्या बोले शेखर कपूर?

रविवार को शेखर कपूर ने अपने एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- अगर सूर्यवंशी इतने शानदार क्रिकेट प्लेयर नहीं होते…तो मैं उन्हें अपनी फिल्म मासूम द फिल्म जी में कास्ट कर लेता।

शेखर के पोस्ट पर क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?

शेखर कपूर के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स के भी रिएक्शन आए हैं। एक यूजर ने लिखा- सर, वो अच्छे क्रिकेटर हैं, तो उन्हें क्रिकेट ही खेलने दीजिए। एक दूसरे यूजर ने लिखा- मुझे लगता है कि सूर्यवंशी अच्छी एक्टिंग कर सकते हैं। आप उन्हें ऑफ सीजन में कास्ट कर लीजिएगा। वो फिल्म को पूरा कर लेंगे। एक दूसरे यूजर ने लिखा- जिस तरह से सूर्यवंशी फील्ड पर गेंदबाजों को हराते हैं, उन्हें फिल्म में कास्ट कर ही लेना चाहिए। एक ने लिखा- क्योंकि वो सेंशन बन गए हैं, इसलिए ही आपने उन्हें फिल्म में कास्ट करने की इच्छा जताई।

क्या है मासूम द फिल्म जी?

साल 1983 में आई क्लासिक मासूम का शेखर कपूर अब सीक्वल बनाने जा रहे हैं। सीक्वल का नाम होगा ‘मासूम द न्यू जेनरेशन’। वैरायटी से खास बातचीत में शेखर कपूर ने इस फिल्म के बारे में बात की । उन्होंने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार है। उन्होंने कास्टिंग भी फाइनल कर ली है और वो इस साल फिल्म की शूटिंग करना भी शुरू कर देंगे। उन्होंने बताया कि उनके साथ सह-निर्माता के तौर पर एआर रहमान जुड़े हैं।

अमिताभ बच्चन ने भी की थी सूर्यवंशी की तारीफ

बता दें, कुछ दिनों पहले अमिताभ बच्चन ने भी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की थी। उन्होंने सूर्यवंशी के लिए लिखा था- 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्या। इस उम्र में तो हम बंटों और गुल्ली डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे !!

वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो लेफ्ट हैंडर बल्लेबाज हैं। पिछले साल वैभव ने आईपीएल में अपने नाम एक शानदार रिकॉर्ड किया था। वैभव पिछले साल आईपीएल के इतिहास में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। इस साल भी वैभव ने अपनी शानदार परफॉर्मंस से हर किसी को खुश कर दिया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN