Home LIFESTYLE NEWS HINDI Kanya Pujan Bhog: सिर्फ 30-40 मिनट में बनाएं अष्टमी-नवमी का पूरा भोग!...

Kanya Pujan Bhog: सिर्फ 30-40 मिनट में बनाएं अष्टमी-नवमी का पूरा भोग! कन्याएं भी करेंगी स्वाद की तारीफ

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अष्टमी-नवमी पर कन्या पूजन के लिए पूरा भोग तैयार किया जाता है, जिसमें पूड़ी, काले चने और हलवे का प्रसाद शामिल होता है। सुबह कम समय में ये सभी चीजें कैसे तैयार करें, साथ ही प्रसाद को टेस्टी कैसे बनाएं। यहां पढ़ें उससे जुड़े कुछ काम के टिप्स।

शारदीय नवरात्रि में अष्टमी और नवमी तिथि का विशेष महत्व होता है। इस दिन छोटी-छोटी कंजकों को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर भोज कराया जाता है, साथ ही दक्षिणा और उपहार भी दिए जाते हैं। इस भोज में माता रानी का प्रिय प्रसाद बनता है, जिसमें काले चने, पूड़ी और हलवा शामिल होते हैं। हालांकि सुबह-सुबह इतनी चीजें तैयार करना थोड़ा मुश्किल लग सकता है। खासकर अगर सुबह जल्दी कन्या पूजन करना हो और ऑफिस की तैयारियां भी हों, तो टाइम मैनेजमेंट थोड़ा मुश्किल हो जाता है। लेकिन अगर काम को सही क्रम में किया जाए और छोटी-छोटी बातें ध्यान में रखें, तो 30-40 मिनट में ही माता रानी का पूरा भोग बनाकर तैयार किया जा सकता है। यहां हम आपके साथ इसी से जुड़ी कुछ टिप्स साझा कर रहे हैं।

कन्या पूजन के लिए 30-40 में तैयार करें पूरा भोग

1) सबसे पहले काले चने उबालने के लिए रखें

काले चने उबालने में टाइम लेते हैं, इसलिए सबसे पहले इन्हें। गैस पर चढ़ाएं। इसके लिए रातभर भिगोकर रखे हुए काले चने कुकर में डालें, साथ में थोड़ा सा नमक और पानी एड करें। अगर 1 कप चने हैं तो पानी डेढ़ कप से ज्यादा ना लें। इन्हें तेज फ्लेम पर एक सीटी आने तक पकाएं, फिर धीमी आंच पर 4 सीटी और लगा लें।

2) सूजी के हलवे की तैयारी करें

जब तक चने उबल रहे हैं, आप सूजी का हलवा बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए देसी घी में थोड़े से ड्राई फ्रूट्स और अलग से सूखा नारियल भूनकर निकाल लें। कढ़ाही में एक कप देसी घी में, एक कप सूजी को धीमी आंच पर 5-7 मिनट के लिए भून लें। अब सूजी में लगभग 3 गुना पानी डालें और ढककर 5 मिनट के लिए पकने दें। इसके बाद हलवे में चीनी एड करें। फ्लेवर के लिए आप इलायची पाउडर और केसर का दूध भी मिला सकते हैं। ऊपर से घी में भुने हुए ड्राई फ्रूट्स गार्निश करें।

स्वाद की टिप- सूजी भूनते हुए एक चम्मच बेसन मिला दें। इससे हलवे का स्वाद और टेक्चर और बढ़िया आता है।

3) मसालेदार काले चने का प्रसाद तैयार करें

हलवा बनने तक काले चने उबल जाएंगें। इन्हें मसालेदार स्वाद देने के लिए एक कटोरी में कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और थोड़ी सी तीखी लाल मिर्च लें और थोड़ा सा पानी डालकर एक घोल बना लें। इन मसालों को दो मिनट फूलने दें।

तब तक एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें, इसमें जीरा और हींग डालकर चटका लें। फिर मसालों का ये घोल एड करें। दो मिनट के लिए इन्हें भून लें, फिर उबले हुए काले चने एड करें। ऊपर से गरम मसाला, कसूरी मेथी, काला नमक, चीरा लगी हुई हरी मिर्च और अदरक के टुकड़े एड करें। अब इन्हें ढककर पानी खत्म होने तक पका लें।

स्वाद की टिप- चने की ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए आप थोड़े से चने मैश कर के मिला सकते हैं।

पूड़ी बनाकर तैयार करें

अब फटाफट से पूड़ी बनाकर तैयार कर लें। पूड़ी का आटा थोड़ा सख्त लगाएं, जिससे हर पूड़ी फूली-फूली बनेगी। आटे में आप दो चम्मच के करीब सूजी भी एड कर सकते हैं। इससे पूड़ी बहुत क्रिस्पी और स्वादिष्ट बनती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN