Source :- LIVE HINDUSTAN
अगले सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को ट्रेडिंग होगी तब निवेशकों की नजर दो बड़े शेयरों पर होगी। ये दो शेयर LIC (लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन) और ICICI बैंक के हैं। दरअसल, एक बड़ी डील को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने मंजूरी दी है। ये डील एलआईसी और ICICI बैंक से जुड़ी हुई है। आइए डिटेल में जान लेते हैं।
LIC-ICICI बैंक डील
केंद्रीय रिजर्व बैंक ने एलआईसी को ICICI बैंक में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। यह डील RBI के मंजूरी पत्र मिलने के एक साल के भीतर पूरी होगी। ICICI बैंक ने भारतीय शेयर बाजार को RBI के मंजूरी पत्र के बारे में जानकारी दी। बैंक ने बताया, “4 सितंबर 2026 को रात 9:09 बजे ICICI बैंक लिमिटेड (बैंक) को आरबीआई के उसी दिन के पत्र की एक कॉपी मिली। यह पत्र लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (आवेदक) को भेजा गया था। इसमें आवेदक को RBI के मंजूरी पत्र की तारीख से एक साल के भीतर बैंक की पेड-अप शेयर कैपिटल या वोटिंग राइट्स में 9.99% तक की ‘कुल हिस्सेदारी’ खरीदने की मंजूरी दी गई है। ऐसा न करने पर आरबीआई की मंजूरी रद्द मानी जाएगी।”
हालांकि, मंजूरी से पहले कुछ शर्तों का पालन करना होगा। बता दें कि शुक्रवार को LIC के शेयर की कीमत NSE पर ₹416.50 पर बंद हुई जबकि ICICI बैंक के शेयर की कीमत ₹1,423.70 प्रति शेयर पर बंद हुई।
ICICI बैंक का शेयरहोल्डिंग पैटर्न
ICICI बैंक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो अप्रैल से जून 2026 तिमाही के दौरान एलआईसी के पास बैंक के 31,18,17,010 शेयर हैं, जो प्राइवेट लेंडर की नेट पेड-अप कैपिटल का 4.35% है। यह बैंक में इंश्योरेंस कंपनियों की कुल हिस्सेदारी का आधे से अधिक है।
जून 2026 तिमाही तक इंश्योरेंस कंपनियों की बैंक में 8.24% हिस्सेदारी थी। बैंक में हिस्सेदारी रखने वाली एक और बड़ी इंश्योरेंस कंपनी SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड है। SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की ICICI बैंक में 1.43% हिस्सेदारी है।
म्यूचुअल फंड्स की कितनी हिस्सेदारी?
जून 2026 तिमाही के अंत तक म्यूचुअल फंड्स की ICICI बैंक में 29.60% हिस्सेदारी है। एक्सिस म्यूचुअल फंड, SBI म्यूचुअल फंड, UTI म्यूचुअल फंड, निप्पॉन लाइफ इंडिया म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड और ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ICICI बैंक में प्रमुख हिस्सेदारों में शामिल हैं। SBI म्यूचुअल फंड की 6.27% हिस्सेदारी है। इसके बाद ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड (4.40%), HDFC म्यूचुअल फंड (3.58%) और निप्पॉन लाइफ इंडिया म्यूचुअल फंड (2.55%) का नंबर आता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



