Home rss business hindi LIC ला रहा 3 नए प्लान! पेंशन से लेकर कैंसर कवर तक...

LIC ला रहा 3 नए प्लान! पेंशन से लेकर कैंसर कवर तक की सुविधा…जानिए पूरी डिटेल

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • LIC 19 अक्टूबर 2026 को 3 नए इंश्योरेंस प्लान लॉन्च करने जा रहा है
  • इनमें न्यू जीवन धारा-II डिफर्ड एन्युटी प्लान, हेल्थ शील्ड और न्यू कैंसर कवर शामिल हैं
  • ये योजनाएं क्रमशः रिटायरमेंट के लिए नियमित आमदनी की योजना बनाने और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से सुरक्षा पाने पर केंद्रित हैं

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के ग्राहकों के लिए एक अहम खबर है। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनियों में शामिल LIC 19 अक्टूबर 2026 को 3 नए इंश्योरेंस प्लान लॉन्च करने जा रही है। इनमें रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी की योजना, हेल्थ इंश्योरेंस और कैंसर से सुरक्षा देने वाला प्लान शामिल है। कंपनी ने मंगलवार 13 अक्टूबर को BSE में दाखिल जानकारी में इन नए प्रोडक्ट्स की घोषणा की है। हालांकि, इन योजनाओं का पूरा फायदा समझने के लिए ग्राहकों को इनके प्रीमियम, पात्रता और नियमों की जानकारी का इंतजार करना होगा।

LIC के कौन-से 3 नए प्लान होंगे लॉन्च?

LIC की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नए प्रोडक्ट्स में LIC’s New Jeevan Dhara – II, LIC’s Health Shield और LIC’s New Cancer Cover शामिल हैं। तीनों योजनाएं अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर पेश की जा रही हैं। न्यू जीवन धारा- II (New Jeevan Dhara – II) का फोकस बचत और रिटायरमेंट के लिए नियमित आमदनी की व्यवस्था पर है। वहीं, हेल्थ शील्ड (Health Shield) और न्यू कैंसर कवर (New Cancer Cover) स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों के लिए बीमा सुरक्षा देने वाली योजनाएं हैं।

LIC प्रोडक्ट कैटेगिरी टाइप ऑफ प्लान
LIC’s न्यू जीवन धारा- II नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड, व्यक्तिगत बचत डिफर्ड एन्युटी प्लान
LIC’s हेल्थ शील्ड नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड, व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्योर रिस्क प्लान
LIC’s न्यू कैंसर कवर नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड, व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्योर रिस्क प्लान

कंपनी के अनुसार, ये तीनों प्रोडक्ट 19 अक्टूबर 2026 से घरेलू बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। फिलहाल BSE फाइलिंग में इनके नाम और व्यापक श्रेणियों की जानकारी दी गई है। प्रीमियम, न्यूनतम और अधिकतम उम्र, बीमा राशि तथा अन्य शर्तों का पूरा विवरण सामने नहीं आया है।

LIC न्यू जीवन धारा – II: रिटायरमेंट के लिए खास

न्यू जीवन धारा – II (New Jeevan Dhara – II) एक डिफर्ड एन्युटी यानी स्थगित वार्षिकी योजना है। इस तरह की योजना में ग्राहक तय अवधि तक पैसा जमा करने या निवेश करने की व्यवस्था करता है। इसके बाद निर्धारित शर्तों के अनुसार उसे भविष्य में नियमित भुगतान मिल सकता है। इसका इस्तेमाल रिटायरमेंट के बाद आमदनी की योजना बनाने के लिए किया जा सकता है।

हालांकि, इस नए LIC प्लान में कितनी राशि जमा करनी होगी, भुगतान कब से शुरू होगा और कितनी पेंशन या वार्षिकी मिलेगी, इसकी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। इसलिए इसे खरीदने से पहले आधिकारिक पॉलिसी दस्तावेज में भुगतान की शर्तें और मिलने वाले लाभ समझना जरूरी होगा।

हेल्थ शील्ड और न्यू कैंसर कवर में क्या मिलेगा?

LIC हेल्थ शील्ड एक व्यक्तिगत हेल्थ इंश्योरेंस प्लान है, जबकि न्यू कैंसर कवर (New Cancer Cover) कैंसर से जुड़े जोखिमों के लिए बीमा सुरक्षा देने के उद्देश्य से पेश किया जा रहा है। स्वास्थ्य बीमा किसी बीमारी या इलाज से जुड़े खर्चों के लिए पॉलिसी की शर्तों के अनुसार आर्थिक मदद दे सकता है। कैंसर कवर में मिलने वाली सुरक्षा भी संबंधित पॉलिसी के नियमों पर निर्भर करेगी।

दोनों योजनाओं को कंपनी ने प्योर रिस्क प्लान की श्रेणी में रखा है। आम तौर पर ऐसे प्लान का मुख्य उद्देश्य बीमा सुरक्षा देना होता है, न कि निवेश पर रिटर्न उपलब्ध कराना। हालांकि, इन दोनों नई योजनाओं में कौन-कौन से इलाज शामिल होंगे, कितनी बीमा राशि मिलेगी और किन परिस्थितियों में क्लेम नहीं मिलेगा, यह आधिकारिक दस्तावेज आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पॉलिसी खरीदने से पहले इन बातों पर दें ध्यान

LIC के इन तीनों नए प्लान की बिक्री 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली है, लेकिन केवल नाम देखकर पॉलिसी खरीदने का फैसला करना सही नहीं होगा। ग्राहकों को प्रीमियम, कवरेज, वेटिंग पीरियड, पात्रता, पॉलिसी की अवधि और क्लेम से जुड़े नियमों की तुलना करनी चाहिए। हेल्थ और कैंसर कवर के मामले में यह भी देखना जरूरी होगा कि पहले से मौजूद बीमारियों, अस्पताल में भर्ती होने और अलग-अलग इलाज पर क्या शर्तें लागू होती हैं।

वहीं, रिटायरमेंट प्लान चुनने वाले ग्राहकों को भुगतान शुरू होने की तारीख, वार्षिकी के विकल्प और पॉलिसी से बाहर निकलने की शर्तों को समझना चाहिए। LIC की ओर से विस्तृत जानकारी जारी होने के बाद ही इन योजनाओं की वास्तविक लागत और फायदे का आकलन किया जा सकेगा।

डिस्क्लेमर:- इस खबर में तीनों योजनाओं के नाम और लॉन्च की तारीख की जानकारी कंपनी की BSE फाइलिंग पर आधारित है। प्रीमियम, कवरेज और अन्य लाभों की पुष्टि विस्तृत पॉलिसी दस्तावेज जारी होने के बाद ही की जानी चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN