Source :- LIVE HINDUSTAN
OnePlus 16 में कंपनी का नया Snapdragon फ्लैगशिप चिपसेट मिलेगा, जिसके साथ फोन ने AnTuTu पर 53 लाख से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है। फोन में हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग के लिए खास टेक और 185fps तक गेमिंग सपोर्ट मिलने की जानकारी सामने आई है।
टेक कंपनी वनप्लस अपने अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन OnePlus 16 को लेकर लगातार नए अपडेट दे रही है। कंपनी ने अब फोन में मिलने वाले प्रोसेसर की आधिकारिक जानकारी सामने ला दी है। OnePlus 16 में Qualcomm का नया Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 चिपसेट मिलेगा। यह 2nm प्रोसेस पर तैयार किया गया नया फ्लैगशिप मोबाइल प्लेटफॉर्म है और कंपनी इसे खास तौर पर हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग के लिए भी इस्तेमाल कर रही है। OnePlus ने फोन की चीन में लॉन्चिंग की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि भारत में इसके लॉन्च को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
5.38 मिलियन से ज्यादा आया AnTuTu स्कोर
OnePlus 16 को AnTuTu बेंचमार्क पर भी देखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, फोन ने AnTuTu V12 पर 53,84,433 अंक हासिल किए हैं। इसमें CPU टेस्ट में 14,58,283 और GPU टेस्ट में 20,10,584 अंक शामिल हैं। बेंचमार्क लिस्टिंग में फोन को 16GB RAM और 512GB स्टोरेज के साथ देखा गया है और यह Android 17 पर चलता दिखाई दिया। तुलना के लिए OnePlus 15 को AnTuTu के पुराने वर्जन पर 36,35,346 अंक मिले थे। हालांकि अलग-अलग AnTuTu वर्जन के स्कोर की सीधी तुलना पूरी तरह समान आधार पर नहीं की जा सकती।
गेमिंग पर रहेगा खास फोकस
OnePlus 16 के प्रोसेसर के साथ कंपनी ने Wind Chaser Gaming Kernel नाम की तकनीक का भी जिक्र किया है। कंपनी के अनुसार, इस आर्किटेक्चर की मदद से फोन 185fps तक गेमिंग सपोर्ट कर सकता है। OnePlus 16 के गेमिंग परफॉर्मेंस से जुड़ी और जानकारी 28 सितंबर को होने वाली OnePlus Game Conference 2026 में सामने आ सकती है।
फोन में ट्रिपल गेमिंग चिप आर्किटेक्चर मिलने की भी जानकारी दी गई है। ऐसे में कंपनी का फोकस सिर्फ प्रोसेसर की कच्ची ताकत पर नहीं, बल्कि लंबे समय तक गेमिंग के दौरान परफॉर्मेंस को बनाए रखने पर भी नजर आ रहा है।
कई RAM और स्टोरेज ऑप्शन
OnePlus 16 को चीन में 12GB RAM और 256GB स्टोरेज से लेकर 16GB RAM और 1TB स्टोरेज तक के विकल्पों में पेश किया जा सकता है। फोन को तीन कलर ऑप्शन में प्री-ऑर्डर के लिए भी लिस्ट किया गया है। रिपोर्ट्स में फोन में 6.78 इंच का डिस्प्ले, 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 9,000mAh बैटरी जैसे फीचर्स की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि इनमें से कुछ स्पेसिफिकेशन अभी आधिकारिक तौर पर पूरी तरह कन्फर्म नहीं हैं।
भारत में आ सकता है नया गेमिंग फोन
OnePlus 16 के अलावा भारत के लिए कंपनी एक अलग गेमिंग स्मार्टफोन पर भी काम कर रही है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस फोन में RGB लाइटिंग और एक्टिव कूलिंग फैन दिया जा सकता है। फोन में Android 17 पर आधारित ColorOS 17 मिलने की बात भी कही गई है। हालांकि इस गेमिंग फोन को लेकर OnePlus ने अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



