Source :- LIVE HINDUSTAN
ओप्पो के एक नए वाइडस्क्रीन फोन की खूबियां लीक हुई हैं। इसमें दो 200MP कैमरे, 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा और 8000mAh तक की बैटरी मिलने की उम्मीद है। फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले और MediaTek Dimensity सीरीज का चिप मिल सकता है।
स्मार्टफोन मेकर Oppo एक नए वाइडस्क्रीन फोन पर काम कर रहा है। इस फोन को लेकर सामने आई नई लीक में इसके प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फोन में MediaTek का नया Dimensity 9600M चिपसेट, 200MP के दो कैमरे और 8000mAh तक की बैटरी मिल सकती है। इसे OPPO Reno X नाम से पेश किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस फोन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
टिप्स्टर Digital Chat Station के मुताबिक, OPPO के इस नए स्मार्टफोन के इंजीनियरिंग प्रोटोटाइप में MediaTek Dimensity 9600M चिपसेट दिया गया है। यह जानकारी फोन के संभावित हार्डवेयर की ओर इशारा करती है। हालांकि, चिपसेट की परफॉर्मेंस और फोन के अन्य फीचर्स को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
200MP के दो कैमरे करेंगे फोटोग्राफी
नए स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसका कैमरा सेटअप हो सकता है। लीक के अनुसार, फोन में 200MP का मेन कैमरा और 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिल सकता है। इसके अलावा, 50MP का अल्ट्रावाइड कैमरा भी दिए जाने की उम्मीद है। मेन कैमरे में OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन का सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दूर की चीजों की तस्वीरें लेने में मदद करेगा।
8000mAh तक की बैटरी मिलने की उम्मीद
बैटरी के मामले में भी यह स्मार्टफोन खास हो सकता है। लेटेस्ट लीक के अनुसार, इसके इंजीनियरिंग प्रोटोटाइप में 8000mAh तक की बैटरी की टेस्टिंग की जा रही है। इससे पहले फोन में 7000mAh की बैटरी मिलने की जानकारी सामने आई थी। ऐसे में बैटरी की अंतिम क्षमता में बदलाव संभव है।
अगर फोन में इतनी बड़ी बैटरी दी जाती है, तो यह लंबे समय तक स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। हालांकि, चार्जिंग स्पीड और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
वाइडस्क्रीन डिस्प्ले के साथ आ सकता है फोन
पहले सामने आई रिपोर्ट्स में फोन में 6.35 इंच का फ्लैट डिस्प्ले दिए जाने का दावा किया गया था। इसमें 1.5K रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट मिल सकता है। डिस्प्ले का आस्पेक्ट रेशियो 16:9 या 16:10 होने की चर्चा थी, जो मौजूदा लंबे और पतले स्मार्टफोन की तुलना में इसे ज्यादा चौड़ा बना सकता है।
फिलहाल कंपनी ने फोन के नाम, कीमत और लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है। यह भी साफ नहीं है कि इसे भारत समेत दूसरे मार्केट्स में लॉन्च किया जाएगा या नहीं। इसलिए इन सभी जानकारियों को फिलहाल लीक के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




