Home BUSINESS NEWS HINDI PF कम कटवाएं या ज्यादा? EPFO के नए नियम ने बढ़ाई कर्मचारियों...

PF कम कटवाएं या ज्यादा? EPFO के नए नियम ने बढ़ाई कर्मचारियों की टेंशन, समझें पूरा गणित

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने EPF स्कीम 2026 के तहत भविष्य निधि (PF) योगदान को लेकर एक बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। नए नियम के अनुसार अब अनिवार्य (Mandatory) EPF योगदान अधिकतम ₹1,800 प्रति माह होगा। यह अमाउंट ₹15,000 की वैधानिक (Statutory) वेतन सीमा के 12% के बराबर है। अगर कोई कर्मचारी इससे अधिक PF जमा करना चाहता है, तो वह अपनी इच्छा से कर सकता है, लेकिन वह पूरी तरह स्वैच्छिक (Voluntary) होगा। इस बदलाव के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इस नए नियम का सबसे ज्यादा फायदा कर्मचारियों को मिलेगा या कंपनियों को? आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।

अब तक कई कंपनियां कर्मचारियों के वास्तविक बेसिक वेतन के आधार पर पीएफ काटती थीं। अगर किसी कर्मचारी का बेसिक वेतन ₹50,000 था, तो उसके वेतन से ₹6,000 पीएफ के रूप में कटते थे और कंपनी भी उतनी ही राशि जमा करती थी। लेकिन, नए नियम के अनुसार अनिवार्य योगदान केवल ₹1,800 तक सीमित रहेगा। इससे अधिक योगदान तभी होगा, जब कर्मचारी और कंपनी दोनों इसके लिए सहमत हों।

इस बदलाव का सबसे पहला असर कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी पर पड़ेगा। अगर कोई कर्मचारी सिर्फ ₹1,800 का अनिवार्य पीएफ कटवाता है, तो उसके हाथ में हर महीने पहले की तुलना में ज्यादा पैसा आएगा। इस अतिरिक्त राशि का उपयोग वह घर का लोन चुकाने, बच्चों की पढ़ाई, निवेश, इमरजेंसी फंड बनाने या अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर सकता है, यानी कम पीएफ कटने से मासिक नकदी बढ़ जाएगी।

हालांकि, इसका दूसरा पहलू भी है। अगर कर्मचारी इस अतिरिक्त पैसे को बचाने या निवेश करने के बजाय खर्च कर देता है, तो रिटायरमेंट के समय उसके पास बनने वाला पीएफ फंड काफी छोटा हो सकता है। पीएफ की सबसे बड़ी ताकत उसकी लंबी अवधि की कंपाउंडिंग होती है। हर महीने अधिक योगदान और उस पर मिलने वाला ब्याज मिलकर कई सालों में बड़ी रकम तैयार कर देता है। इसलिए कम पीएफ का मतलब भविष्य में कम रिटायरमेंट फंड भी हो सकता है।

फाइनेंशियल एक्सपर्ट का कहना है कि जिन कर्मचारियों में नियमित निवेश की आदत नहीं है, उन्हें केवल टेक-होम सैलरी बढ़ाने के लिए पीएफ कम नहीं करना चाहिए। अगर वे अतिरिक्त पैसे को VPF (Voluntary Provident Fund), SIP या किसी अन्य दीर्घकालिक निवेश में अनुशासित तरीके से लगाते हैं, तभी यह फैसला उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

दूसरी ओर कंपनियों को भी इस नए नियम से बड़ा लाभ मिलेगा। अब उन्हें यह स्पष्ट रहेगा कि अनिवार्य PF योगदान की अधिकतम सीमा ₹1,800 प्रति कर्मचारी है। इससे पेरोल कॉस्ट की बेहतर योजना बनाई जा सकेगी और वेतन से जुड़े खर्चों का अनुमान लगाना आसान होगा। बड़ी कंपनियों के लिए यह बदलाव प्रशासनिक प्रक्रिया को भी सरल बनाएगा, क्योंकि PF की गणना और नियमों को लेकर पहले जो भ्रम रहता था, वह काफी हद तक खत्म हो जाएगा।

एक्सपर्ट के अनुसार यह नियम किसी एक पक्ष को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं लाया गया है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों और कंपनियों दोनों को ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी देना है। कर्मचारियों को अधिक टेक-होम सैलरी का विकल्प मिलेगा, जबकि कंपनियों को अपने वैधानिक खर्च और अनुपालन (Compliance) को लेकर स्पष्टता मिलेगी।

हालांकि, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हर कर्मचारी की आर्थिक स्थिति अलग होती है। अगर आपके ऊपर महंगे लोन हैं या फिलहाल ज्यादा नकदी की जरूरत है, तो कम PF आपके लिए सही विकल्प हो सकता है। लेकिन, अगर आपका लक्ष्य मजबूत रिटायरमेंट फंड बनाना है, तो PF योगदान कम करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करें। जरूरत पड़ने पर किसी प्रमाणित वित्तीय सलाहकार की मदद लेकर ही निर्णय लें।

EPF स्कीम 2026 कर्मचारियों और कंपनियों दोनों को अधिक स्वतंत्रता देती है, लेकिन इसके साथ कर्मचारियों पर अपने भविष्य की वित्तीय योजना बनाने की जिम्मेदारी भी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ जाती है। इसलिए सिर्फ बढ़ी हुई सैलरी देखकर फैसला लेने के बजाय, अपने लंबे समय के आर्थिक लक्ष्यों को ध्यान में रखकर ही पीएफ योगदान तय करना बेहतर होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN