Source :- LIVE HINDUSTAN

pm kisan samman nidhi payment status: देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की अगली किस्त का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्र सरकार ने 13 मार्च 2026 को इस योजना की 22वीं किस्त जारी की थी, जिसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई थी। अब लगभग तीन महीने बीत चुके हैं और किसानों के बीच 23वीं किस्त को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासतौर पर सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 18 जून की तारीख को लेकर काफी चर्चा हो रही है। कई किसान यह जानना चाहते हैं कि क्या वास्तव में 18 जून को उनके खाते में अगली किस्त के 2,000 रुपये आएंगे या फिर यह सिर्फ एक अनुमान है। आइए इसको जरा विस्तार से समझते हैं।

दरअसल, अभी तक केंद्र सरकार या कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। इसलिए 18 जून को किस्त आने की खबर को फिलहाल पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जा सकता। हालांकि, इस तारीख की चर्चा के पीछे एक खास वजह जरूर है। जी हां, क्योंकि साल 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान योजना की 17वीं किस्त 18 जून को जारी की थी। उस समय देश के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई थी। यही कारण है कि कई लोग अनुमान लगा रहे हैं कि सरकार इस बार भी 18 जून को ही अगली किस्त जारी कर सकती है। लेकिन, जब तक सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इसे केवल अटकल ही माना जाएगा।

पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में यानी हर चार महीने पर 2,000 रुपये के रूप में किसानों के खातों में भेजी जाती है। आमतौर पर पहली किस्त अप्रैल-जुलाई, दूसरी अगस्त-नवंबर और तीसरी दिसंबर-मार्च के बीच जारी होती है। इसी पैटर्न को देखते हुए माना जा रहा है कि अगली किस्त जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में भी जारी हो सकती है।

पात्रता और आवेदन की स्थिति

किसानों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि वे अपनी पात्रता और आवेदन की स्थिति पहले से जांच लें। अगर ई-केवाईसी (e-KYC), आधार लिंकिंग या बैंक खाते से जुड़ी कोई समस्या होगी, तो किस्त मिलने में परेशानी आ सकती है।

वेबसाइट पर कैसे करें चेक?

किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आसानी से अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले pmkisan.gov.in वेबसाइट खोलें। इसके बाद ‘Farmers Corner’ में जाकर ‘Beneficiary Status’ विकल्प पर क्लिक करें। फिर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें। मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को भरने के बाद आपके सामने भुगतान और आवेदन की पूरी जानकारी दिखाई दे जाएगी।

फिलहाल, किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे किसी भी वायरल संदेश या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा करने के बजाय केवल सरकारी घोषणा का इंतजार करें। 23वीं किस्त जरूर आएगी, लेकिन उसकी सटीक तारीख सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी। ऐसे में सभी लाभार्थी किसानों को अपना रिकॉर्ड अपडेट रखने और समय-समय पर पीएम किसान पोर्टल पर जानकारी चेक करते रहने की सलाह दी जाती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN