Home rss business hindi PM मोदी बोले-सोना मत खरीदो… अब आयात में 15% गिरावट का अनुमान

PM मोदी बोले-सोना मत खरीदो… अब आयात में 15% गिरावट का अनुमान

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सितंबर के महीने में सोने के आयात में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। सितंबर में सोने के आयात में लगभग 15% की गिरावट आने की उम्मीद है। ईटी की एक खबर में इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के नेशनल सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता ने कहा, “हमारे व्यापार अनुमानों के अनुसार अगस्त में लगभग 45 टन सोने का आयात किया गया था। सितंबर में इसके 15% कम होने की उम्मीद है।” ये अनुमान ऐसे समय में आया है जब पीएम नरेंद्र मोदी ने सोने की खरीदारी से बचने की अपील की है।

ज्वैलर्स को क्या उम्मीद?

हालांकि, ज्वैलर्स को उम्मीद है कि ग्राहक नई खरीदारी करने के बजाय पुरानी ज्वेलरी के बदले नई ज्वेलरी लेना ज्यादा पसंद करेंगे। इंडस्ट्री के अधिकारियों का कहना है कि पुराने सोने के बदले नया सोना लेने का चलन, जो अभी ज्वैलर्स के कारोबार का लगभग 45-50% है, त्योहारों के मौसम में बढ़कर 60-70% हो सकता है। सोने की ऊंची कीमतें, उतार-चढ़ाव और गैर-जरूरी खर्चों को लेकर बढ़ती सावधानी के कारण ग्राहक कैश बचाकर रखना चाह रहे हैं। इंद्रिया के CEO संदीप कोहली ने कहा, “ग्राहक गैर-जरूरी खर्चों को लेकर ज्यादा सोच-समझकर खर्च कर रहे हैं लेकिन भारतीय संस्कृति में ज्वेलरी की एक खास जगह बनी हुई है। त्योहार, शादियां और ज़िंदगी के अहम पड़ाव बहुत खास मौके होते हैं और ज्वेलरी इन समारोहों का एक अहम हिस्सा है।”

उन्होंने कहा, “भारतीय ग्राहकों के लिए ज्वेलरी सिर्फ एक खरीद नहीं है। यह प्यार और परंपरा का प्रतीक है। इसलिए हमारा मानना ​​है कि खर्च करने के तरीकों में बदलाव के बावजूद इस कैटेगरी की मांग बनी रहेगी। हम ज्वेलरी एक्सचेंज के प्रति बढ़ती पसंद भी देख रहे हैं, जिसमें ग्राहक अपने पुराने गहनों को नए डिजाइन और ज्यादा कीमत वाली खरीद के लिए एक्सचेंज कर रहे हैं।”

सोनो की कीमतों पर क्या है अनुमान?

आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट वेदिका नार्वेकर के मुताबिक सितंबर में US फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें लगभग 68% तक बढ़ गई हैं। इससे US बॉन्ड यील्ड और डॉलर ऊपर जा रहे हैं जबकि US-ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव ने तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है और लगातार महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। अब ध्यान US के आने वाले लेबर और महंगाई के आंकड़ों पर है, जो फेड के अगले कदम को तय करने में अहम होंगे। उन्हें उम्मीद है कि निकट भविष्य में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और सावधानी का रुख रहेगा। MCX पर ₹1,47,700-1,48,000 को धीरे-धीरे खरीदारी के लिए एक संभावित एक्युमुलेशन जोन (खरीद का क्षेत्र) माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने क्या की थी अपील?

बीते एक सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील की। मोदी ने जीडीपी ग्रोथ आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा, “हमें इस (विकास) गति को बनाए रखना है। इसके लिए आत्मनिर्भर भारत बनाना बहुत जरूरी है। स्वदेशी का मंत्र और वोकल फॉर लोकल को अपनाना चाहिए। अगर घूमने-फिरने के लिए विदेश यात्रा पर जाते हैं तो नहीं जाना चाहिये। शादी-विवाह विदेशों में नहीं करनी चाहिए। ‘मेड इन इंडिया’ के मंत्र को जीना चाहिए। जरूरत न हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।”

उन्होंने लोगों से स्वदेशी और आत्मनिर्भर पर बल देने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि जब देश की आजादी के 100 साल पूरे होंगे, तो हम अपनी युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के सपनों को आज की पीढ़ी अपने परिश्रम से साकार कर सकती है। बता दें कि इससे पहले भी पीएम मोदी ने ईरान और अमेरिका के बीच जंग का जिक्र करते हुए लोगों से अगले एक साल तक सोने की खरीदारी नहीं करने की अपील की थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN