Home BUSINESS NEWS HINDI PM मोदी से मुलाकात के बाद अमेजन का बड़ा ऐलान! भारत में...

PM मोदी से मुलाकात के बाद अमेजन का बड़ा ऐलान! भारत में लगाएगा ₹1 लाख करोड़, पैदा होंगी 38 लाख नौकरियां

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन चुका है और अब वैश्विक टेक कंपनियां यहां बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। इसी कड़ी में दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स और क्लाउड कंपनी अमेजन (Amazon) ने भारत के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। अमेजन के CEO एंडी जैसी (Andy Jassy) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद घोषणा की कि कंपनी भारत में 2030 तक अतिरिक्त 13 अरब डॉलर (करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगी।

इस नए निवेश के साथ अमेजन का भारत में कुल निवेश 48 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह निवेश मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल सर्विस के विस्तार पर खर्च किया जाएगा।

दरअसल, अमेजन ने दिसंबर 2025 में भी भारत में 35 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। अब 13 अरब डॉलर के नए निवेश को जोड़ने पर 2026 से 2030 के बीच कंपनी का कुल निवेश 48 अरब डॉलर हो जाएगा। अगर 2010 से 2030 तक की अवधि को देखा जाए, तो अमेजन का भारत में कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा।

अमेजन के CEO एंडी जैसी ने कहा कि कंपनी पिछले एक दशक से भारत में ग्राहकों, स्टार्टअप्स, छोटे व्यापारियों और डेवलपर्स की सेवा कर रही है। भारत में ई-कॉमर्स, AI और क्लाउड सेवाओं की डिमांड तेजी से बढ़ रही है, इसलिए कंपनी यहां अपनी मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है।

कंपनी के अनुसार, कुल 48 अरब डॉलर के निवेश में से लगभग 21 अरब डॉलर केवल AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किए जाएंगे। यह निवेश मुंबई और हैदराबाद में स्थित AWS (Amazon Web Services) डेटा सेंटर और क्लाउड नेटवर्क को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।

AWS के जरिए भारत की कई बड़ी कंपनियां और सरकारी संस्थाएं अपनी डिजिटल सेवाएं चला रही हैं। इनमें नेशनल हेल्थ अथॉरिटी, GeM (Government e-Marketplace), HDFC बैंक (HDFC Bank), एक्सिस बैंक (Axis Bank), अपोलो टायर्स (Apollo Tyres), डेल्हीवेरी (Delhivery) और फिजिक्स वल्लाह (Physics Wallah) जैसी संस्थाएं शामिल हैं।

अमेजन ने यह भी घोषणा की है कि वह 2030 तक भारत में 38 लाख से अधिक रोजगार के अवसरों को समर्थन देगा। इसके अलावा कंपनी का लक्ष्य 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम बनाना और 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों तक AI की पहुंच बढ़ाना है। इतना ही नहीं, कंपनी 40 लाख सरकारी स्कूलों के छात्रों तक AI आधारित शिक्षा और डिजिटल तकनीकों का लाभ पहुंचाने की भी योजना बना रही है।

प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” और “आत्मनिर्भर भारत” के विजन का जिक्र करते हुए एंडी जैसी ने कहा कि अमेजन भारत के विकास में लंबे समय तक साझेदार बना रहेगा। एक्सपर्ट का मानना है कि इस बड़े निवेश से भारत में टेक्नोलॉजी, क्लाउड कंप्यूटिंग, AI और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे और देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

स्पष्ट है कि अमेजन अब भारत को केवल एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि अपने भविष्य के सबसे महत्वपूर्ण निवेश केंद्रों में से एक मान रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN