Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट का IPO मार्केट में दस्तक देने वाला है। इस आईपीओ के लिए प्रति इक्विटी शेयर (फेस वैल्यू ₹1) का प्राइस बैंड ₹545 से ₹574 तय किया गया है। सब्सक्रिप्शन मंगलवार, 14 जुलाई को शुरू होगा और गुरुवार, 16 जुलाई को बंद होगा।
SBI फंड्स मैनेजमेंट IPO के लिए एंकर इन्वेस्टर्स को शेयर अलॉटमेंट सोमवार, 13 जुलाई को होगा। वहीं, योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए 15 जुलाई, बुधवार को बोली प्रक्रिया बंद हो जाएगी, जबकि अन्य निवेशक श्रेणियां अगले दिन तक सब्सक्रिप्शन दे सकती हैं।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने बुधवार को रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसमें कंपनी की 10% हिस्सेदारी बेची जाएगी।
IPO डिटेल्स: कितने शेयर और किसकी हिस्सेदारी बिकेगी?
SBI फंड्स मैनेजमेंट के इस IPO में कुल 20.371 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे, जो कंपनी की कुल भुगतान पूंजी का 10% है। यह पूरी प्रक्रिया ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी, यानी मौजूदा शेयरधारक ही अपने शेयर बेचेंगे।
इसमें SBI अपनी 6% हिस्सेदारी यानी 12.83 करोड़ शेयर बेचेगा, जबकि ज्वाइंट वेंचर पार्टनर Amundi India Holding 3.70% यानी 7.53 करोड़ शेयर ऑफर करेगा। इस IPO से SBI फंड्स मैनेजमेंट को कोई राशि नहीं मिलेगी, क्योंकि पूरी रकम बिक्री करने वाले शेयरधारकों को जाएगी।
SBI फंड्स मैनेजमेंट का वित्तीय प्रदर्शन
वर्ष 1992 में स्थापित SBI फंड्स मैनेजमेंट SBI म्यूचुअल फंड को मैनेज करती है और एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) के मामले में देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। यह SBI और अमुंदी की ज्वाइंट वेंचर है।
वित्तीय वर्ष 2026 में SBIFM ने कुल 4,969 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो SBI ग्रुप की कुल आय का 0.70% है। इस आकार और बाजार पहुंच को देखते हुए यह IPO निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
IPO मार्केट में वापसी और SBI फंड्स की नई लिस्ट
साल 2026 की शुरुआत में IPO बाजार में सुस्ती देखने को मिली थी, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में इसमें तेजी लौटी है। अकेले जून महीने में 22 कंपनियों ने स्टॉक एक्सचेंजों पर डेब्यू किया, जिनमें स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (SME) शामिल हैं। अब तक 16 अन्य कंपनियों की भी लिस्टिंग हो चुकी है। ट्रेंड लाइन के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 के पहले सात महीनों में 151 कंपनियां लिस्ट हुई थीं, जबकि 2026 में यह संख्या अब 121 हो गई है।
एसेट मैनेजमेंट कंपनियों की सूची में शामिल होगी SBI फंड्स
SBI फंड्स मैनेजमेंट के लिस्ट होने के बाद वह HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी और ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी जैसी लिस्टेड एसेट मैनेजमेंट कंपनियों के साथ मुकाबला करेगी। ICICI बैंक की सहायक कंपनी ICICI प्रूडेंशियल AMC ने पिछले साल दिसंबर में बाजार में डेब्यू किया था, जहां इसके शेयर 266 रुपये के IPO मूल्य पर 5.4% के प्रीमियम के साथ 280.25 रुपये पर लिस्ट हुए थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




