Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Stock Market Today: आज घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही
- बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 122 अंक टूटकर 73484 पर खुला
- जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने आज के कारोबार की शुरुआत 44 अक नीचे 22708 से की
Stock Market Today Live 9:17 PM: चार दिन की गिरावट के बाद एक दिन बाजार चढ़ा और आज फिर से गिर गया। बाजार खुलने के चंद मिनट बाद सेंसेक्स 290 अंक गिरकर 72316 पर आ गया। निफ्टी भी 22664 को टच कर गया। आज घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 122 अंक टूटकर 73484 पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने आज के कारोबार की शुरुआत 44 अक नीचे 22708 से की।
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 27 अक्टूबर यानी आज कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ होने के संकेत मिल रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी करीब 110 अंक टूटकर 22,663 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इससे घरेलू बाजार में कमजोर शुरुआत की आशंका है। हालांकि, एशियाई बाजारों में तेजी और अमेरिकी शेयर बाजारों में मजबूती से निवेशकों को कुछ राहत मिल सकती है।
बाजार की नजरें कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका के फेडरल रिजर्व की बैठक और अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक गतिविधियों पर रहेंगी। कच्चा तेल 101 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जिससे बाजार की चिंता बढ़ी हुई है।
अमेरिकी बाजारों में तेजी
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, कारोबार के दौरान ऊपरी स्तरों से कुछ मुनाफावसूली भी देखने को मिली। डॉऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज करीब 150 अंक चढ़कर बंद हुआ। एस एंड पी 500 में 0.7 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट में 0.8 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
अमेरिकी बाजारों में निवेशकों की नजर इस सप्ताह होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक पर है। ब्याज दरों को लेकर मिलने वाले संकेतों का असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर पड़ सकता है।
एशियाई बाजारों में जोरदार तेजी
मंगलवार को कई एशियाई बाजारों में मजबूती देखने को मिली। दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में सेमीकंडक्टर शेयरों में खरीदारी से तेजी आई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.89 प्रतिशत चढ़कर 5,682.02 पर पहुंचा। जबकि, जापान के निक्केई 225 में करीब 1.9 प्रतिशत की बढ़त रही। ताइवान का TAIEX भी कारोबार के दौरान 0.66 प्रतिशत तक चढ़ा।
सोमवार को बाजार में लौटी थी तेजी
लगातार चार सेशन में गिरावट के बाद सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिली थी। निचले स्तरों पर खरीदारी आने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ बंद हुए।
BSE सेंसेक्स 482 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,606 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 72,514 का निचला और 73,606 का ऊपरी स्तर छुआ। खास बात यह रही कि सेंसेक्स डे हाई पर बंद हुआ। वहीं, NSE निफ्टी 50 में 153 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी आई और यह 22,753 पर बंद हुआ।
इससे पहले लगातार चार सत्रों में सेंसेक्स 1,605 अंक और निफ्टी 546 अंक टूट चुका था। ऐसे में सोमवार की तेजी से निवेशकों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की आशंका है।
सेंसेक्स के लिए 72,500 का स्तर अहम
चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के वाइस प्रेसिडेंट (टेक्निकल रिसर्च) सचिन गुप्ता के मुताबिक, सेंसेक्स के लिए 72,500 से 73,000 का दायरा अहम सपोर्ट जोन है। वहीं, 74,000 से 74,400 के बीच रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है।
इसका मतलब है कि बाजार में कमजोरी आने पर 72,500 का स्तर महत्वपूर्ण रहेगा। अगर सेंसेक्स इस सपोर्ट को तोड़ता है, तो बिकवाली बढ़ सकती है। दूसरी ओर, 74,000 से 74,400 के दायरे के ऊपर टिकने पर तेजी को मजबूती मिल सकती है।
निफ्टी के लिए 22,400 का स्तर महत्वपूर्ण
एलकेपी सिक्योरिटिज के टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा के मुताबिक, निफ्टी को 22,300 से 22,400 के दायरे में मजबूत सपोर्ट मिल रहा है। शुक्रवार के निचले स्तर के आसपास खरीदारी आने से इस दायरे का महत्व बढ़ गया है।
निफ्टी का सपोर्ट 22,400 और 22,300 पर है। जबकि, रेजिस्टेंस 22,800 और 23,000 पर। अगर निफ्टी 22,800 के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो यह 23,000 की ओर बढ़ सकता है। हालांकि, व्यापक रुझान अभी कमजोर बना हुआ है। ऐसे में 22,400 के स्तर पर नजर रखना जरूरी होगा।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



