Home rss business hindi Stock Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 72000 के पार,...

Stock Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 72000 के पार, IT स्टॉक्स कर रहे कमाल

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Stock Market Today: एचसीएल टेक 4.39, टीसीएस 4.09, टेक महिंद्रा 2.44 और इन्फोसिस 2.13 प्रतिशत ऊपर ट्रेड कर रहा है
  • सेंसेक्स 350 अंकों की तेजी के साथ 72275 पर है
  • दूसरी ओर निफ्टी तेजी का शतक लगाकर 118 अंक ऊपर 22482 पर पहुंच गया है

Stock Market Today Live 9:30 AM: IT शेयरों की बदौलत सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी है। दलाल स्ट्रीट में रौनक लौटी है। एचसीएल टेक 4.39, टीसीएस 4.09, टेक महिंद्रा 2.44 और इन्फोसिस 2.13 प्रतिशत ऊपर ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स 350 अंकों की तेजी के साथ 72275 पर है। दूसरी ओर निफ्टी तेजी का शतक लगाकर 118 अंक ऊपर 22482 पर पहुंच गया है।

Stock Market Today Live 9:20 AM: शेयर मार्केट का रंग अब लाल से हरा हो रहा है। सेंसेक्स तेजी का दोहरा शतक लगाकर 209 अंक ऊपर 72134 पर पहुंच गया है। निफ्टी भी 91 अंकों के फायदे के साथ 22454 पर है। वही अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया भी 60 पैसे मजबूत होकर 95.17 पर पहुंच गया है। जबकि, एचसीएल, टीसीएस, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस में तेजी है। इनमें 1.43 से 3.73 प्रतिशत तक की बढ़त है।

Stock Market Today Live 9:17 AM: शेयर बाजार खुलने के तुरंत बाद ही अलग रंग में है। सेंसेक्स 139 अंक नीचे 71784 है। इसके उलट निफ्टी 70 अंक ऊपर 22433 पर पहुंच गया। इससे पहले शेयर बाजार की शुरुआत आज सुस्त रही। बीएसई का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स महज 27 अंक ऊपर 71951 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स 22363 के लेवल पर खुला।

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को अच्छी ओपनिंग के संकेत मिल रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी में तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी के बढ़त के साथ खुलने की उम्मीद है। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और एशियाई बाजारों में भारी गिरावट से बाजार पर दबाव बना रह सकता है। ऐसे में शुरुआती तेजी के बाद निवेशकों की नजर बाजार की दिशा और अहम सपोर्ट स्तरों पर रहेगी।

आज शेयर मार्केट के लिए महत्वपूर्ण ट्रिगर्स

एशियन मार्केट: मंगलवार को एशियाई बाजारों में कमजोरी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी शुरुआती कारोबार में 4.63 प्रतिशत तक टूट गया, जबकि जापान के निक्केई और ताइवान के शेयर बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार सोमवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। ऐसे वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने की आशंका है।

GIFT Nifty: गिफ्ट निफ्टी करीब 22,423 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से लगभग 41 अंक ऊपर था। इससे घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक शुरुआत के संकेत मिले।

अमेरिकी बाजार: सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में निवेशकों ने प्रमुख बैंकों के तिमाही नतीजों और आने वाले महंगाई के आंकड़ों से पहले सतर्क रुख अपनाया। डॉऊ जोंस करीब 200 अंक की बढ़त के साथ कारोबार समाप्त किया। एसएंडपी 500: मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। जबकि, नैस्डैक 0.4 प्रतिशत गिरा।

सेंसेक्स के लिए 71,300-71,500 का स्तर अहम

चॉइस ब्रोकिंग के वाइस प्रेसिडेंट और टेक्निकल रिसर्च विशेषज्ञ सचिन गुप्ता के अनुसार, सेंसेक्स का तकनीकी रुख फिलहाल सीमित दायरे में कमजोर बना हुआ है। सेंसेक्स के लिए 71,300 से 71,500 का क्षेत्र अहम सपोर्ट जोन है।

इस स्तर पर टिके रहने से बाजार में स्थिरता और रिकवरी की कोशिश देखने को मिल सकती है। वहीं, तेजी को मजबूत होने के लिए सेंसेक्स को 72,500 से 72,700 के स्तर के ऊपर टिकना होगा। ऐसा होने पर खरीदारी बढ़ने के संकेत मिल सकते हैं। इससे पहले बाजार में सतर्कता बनी रहने की संभावना है।

निफ्टी के लिए 22,300 का सपोर्ट, 22,650 पर रेजिस्टेंस

एलकेपी सिक्योरिटिज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रुपक डे के मुताबिक, निफ्टी ने सोमवार को डार्क क्लाउड कवर कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया। यह पैटर्न पिछले सत्र की तेजी कमजोर पड़ने और बिकवाली का दबाव बढ़ने का संकेत दे सकता है।

निफ्टी के अहम तकनीकी स्तर तत्काल सपोर्ट 22,300, अगला सपोर्ट: 22,100 है। पहला रेजिस्टेंस 22,420 और अगला रेजिस्टेंस 22,650 है। अगर निफ्टी 22,300 के नीचे फिसलता है तो 22,100 की ओर दबाव बढ़ सकता है। दूसरी ओर, 22,420 और फिर 22,650 के ऊपर मजबूती बाजार में रिकवरी की संभावना बढ़ा सकती है।

सोमवार को सेंसेक्स 548 अंक टूटा, निफ्टी में भी गिरावट

घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती बढ़त टिक नहीं पाई और प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 547 अंक यानी 0.76 प्रतिशत गिरकर 71,924 पर बंद हुआ। जबकि, निफ्टी 157 अंक यानी 0.70 प्रतिशत टूटकर 22,363 पर बंद हुआ।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN