Source :- LIVE HINDUSTAN
Indian Railways के 5 ऐसे जरूरी नियम जिन्हें हर ट्रेन यात्री को जानना चाहिए। इनकी जानकारी होने से न सिर्फ आपकी यात्रा आसान होगी, बल्कि टिकट बुकिंग, रिफंड और सफर के दौरान होने वाली कई परेशानियों से भी बचा जा सकेगा।
भारत में हर दिन करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं। लेकिन आज भी कई यात्री ऐसे हैं जिन्हें रेलवे के जरूरी नियमों की पूरी जानकारी नहीं होती। कई बार छोटी-सी जानकारी न होने की वजह से लोगों का टिकट कैंसिल हो जाता है, रिफंड नहीं मिलता या फिर यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यात्रियों के लिए रेलवे के नियमों को जानना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है। अगर आप भी अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं या त्योहारों और छुट्टियों में टिकट बुक करते हैं, तो यहां बताए गए 5 नियम आपके बहुत काम आएंगे। इन नियमों को जानकर आप समय और पैसे दोनों बचा सकते हैं।
1. अब सिर्फ 60 दिन पहले ही बुक होगी ट्रेन टिकट
भारतीय रेलवे ने एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) को 120 दिन से घटाकर 60 दिन कर दिया है। यह नया नियम 1 नवंबर से लागू होगा। यानी अब यात्री यात्रा की तारीख से सिर्फ 60 दिन पहले ही टिकट बुक कर सकेंगे। हालांकि पहले से बुक किए गए टिकट पूरी तरह वैध रहेंगे।
2. वेटिंग टिकट का नियम जरूर जानें
अगर आपका टिकट वेटिंग में है और आपने ई-टिकट बुक किया है, तो चार्ट बनने तक टिकट कन्फर्म नहीं होने पर वह अपने आप कैंसिल हो जाएगा और तय नियमों के अनुसार रिफंड मिल जाएगा। वहीं, काउंटर से खरीदे गए वेटिंग टिकट के नियम अलग हो सकते हैं। इसलिए टिकट की स्थिति यात्रा से पहले जरूर चेक कर लें।
3. तत्काल टिकट बुकिंग का सही समय
अगर आपको अचानक यात्रा करनी है, तो तत्काल टिकट सबसे अच्छा विकल्प है। AC क्लास के लिए तत्काल बुकिंग यात्रा से एक दिन पहले सुबह 10 बजे, जबकि Sleeper क्लास के लिए 11 बजे शुरू होती है। सही समय पर लॉगिन करने से टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
4. टिकट कैंसिल करने पर मिलेगा रिफंड
अगर आपकी यात्रा का प्लान बदल जाता है, तो टिकट कैंसिल करने पर रेलवे कुछ नियमों के तहत रिफंड देता है। रिफंड की राशि इस बात पर निर्भर करती है कि आपने टिकट कितनी देर पहले कैंसिल किया है। जितनी जल्दी टिकट कैंसिल करेंगे, उतना ज्यादा रिफंड मिलने की संभावना रहती है।
5. यात्रा के दौरान पहचान पत्र साथ रखना जरूरी
अगर आपने रिजर्वेशन कराया है, तो यात्रा के दौरान आपके पास कोई वैध पहचान पत्र होना जरूरी है। आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या सरकार द्वारा जारी अन्य वैध पहचान पत्र दिखाना पड़ सकता है। पहचान पत्र नहीं होने पर टीटीई जुर्माना लगा सकता है या यात्रा नियमों के अनुसार कार्रवाई कर सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



