Home BUSINESS NEWS HINDI US-ईरान डील से बदलेगी भारत की तस्वीर… गोल्डमैन सैक्स ने GDP पर...

US-ईरान डील से बदलेगी भारत की तस्वीर… गोल्डमैन सैक्स ने GDP पर दी गुड न्यूज

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद गोल्डमैन सैक्स ने भारत के ग्रोथ अनुमान को बढ़ा दिया है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक ने कैलेंडर ईयर 2026 के लिए ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट (GDP) ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 6.8 प्रतिशत किया है। इसके साथ ही, महंगाई और करंट अकाउंट डेफिसिट (चालू खाता घाटा) के अनुमानों को कम कर दिया गया है।

गोल्डमैन सैक्स ने क्या कुछ कहा?

न्यूज़ एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक गोल्डमैन सैक्स ने कच्चे तेल की कम कीमतें और घरेलू आर्थिक हालात की मजबूती को देखते हुए जीडीपी अनुमान में यह बदलाव किया है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक का कहना है कि तेल की कीमतों में भारी गिरावट से भारत के लिए मैक्रो-इकोनॉमिक जोखिम कम हुए हैं। गोल्डमैन सैक्स ने कहा, “कुल मिलाकर हमारी कमोडिटीज टीम द्वारा तेल की कीमतों के अनुमान में हालिया कटौती को देखते हुए हम कैलेंडर ईयर 26 के लिए अपनी रियल GDP ग्रोथ का अनुमान 0.3 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 6.8% (साल-दर-साल) कर रहे हैं।”

बता दें कि इन्वेस्टमेंट बैंक की रिसर्च विंग ने पहले चालू वित्त वर्ष में अर्थव्यवस्था के 6.1 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया था। गोल्डमैन सैक्स को उम्मीद है कि महामारी के बाद FY27 पहला पूरा वित्त वर्ष होगा जिसमें भारत की आर्थिक ग्रोथ 7 प्रतिशत के निशान से नीचे रहेगी। गोल्डमैन सैक्स ने FY27 के लिए खुदरा महंगाई का अनुमान भी 5.1 प्रतिशत से घटाकर 4.9 प्रतिशत कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष से पैदा हुई रुकावटों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रही।

महंगाई के मोर्चे पर गोल्डमैन सैक्स ने कहा कि ऊर्जा की कीमतों में नरमी से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का जोखिम कम हुआ है और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की लागत का दबाव भी कम हुआ है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कमोडिटी की कीमतों में नरमी से राजकोषीय दबाव कम होने की संभावना है। ग्लोबल यूरिया की कीमतों में बड़ी गिरावट और कच्चे तेल की कम कीमतों से फर्टिलाइजर सब्सिडी का खर्च कम हो सकता है और सरकारी खजाने को राहत मिल सकती है।

एसएंडपी का क्या अनुमान?

चालू वित्त वर्ष में एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने भारत का जीडीपी ग्रोथ रेट घटाकर 6.6 प्रतिशत पर रहने का अनुमान लगाया है। भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2025-26 में 7.7 प्रतिशत और 2024-25 में 7.1 प्रतिशत रही थी। एसएंडपी का वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ग्रोथ का अनुमान भारतीय रिजर्व बैंक के 6.6 प्रतिशत के अनुमान के अनुरूप है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN