Source :- Khabar Indiatv
दूल्हा और दुल्हन
कर्नाटक के हासन में एक दुल्हन ने मंगलसूत्र पहनने से ठीक पहले शादी से इंकार दिया। इस शादी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि दूल्हा हाथ में मंगलसूत्र लिए इंतजार कर रहा है। लड़की के घरवाले उसे समझा रहे हैं। हालांकि, अंत तक लड़की नहीं मानी। ऐसे में पुलिस मौके पर पहुंची और शादी कैंसिल हो गई।
बताया जा रहा है कि दुल्हन ने एन मौके पर शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच प्रेमी के साथ मंडप से निकल गई। घटना शुक्रवार (23 मई) की है। हासन के आदिचुंचनगिरी शादी मंडप में हासन तालुका के बुवनहल्ली गांव की लड़की और अलूर तालुका के लड़के का विवाह हो रहा था।
लड़की ने खुद को कमरे में बंद किया
मंगलसूत्र बांधने का समय आया तो लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। कुछ मिनटों तक लड़की और उसके परिवार वालों के बीच बातचीत चलती रही। मां बाप और रिश्तेदारों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं मानी। लड़का हाथ में मंगलसूत्र रखकर इंतजार करता रहा, लेकिन लड़की ने कहा कि उसके जीवन में कोई और है और वो उससे ही शादी करेगी। इतना कहकर उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
लड़की बोली- मैं फैसला लेने की स्थिति में नहीं
पुलिस को सूचना मिली तो एक टीम वहां पर पहुंची, लड़की से बातचीत के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी को बुलाया और दोनों की सहमति के बाद लड़की के माता पिता से बात की। इसके बाद पुलिस लड़की और उसके प्रेमी को लेकर पुलिस स्टेशन गयी। वहां दोनों का स्टेटमेंट लिया गया और उसके बाद लड़की को उसकी नानी के घर भेज दिया गया। लड़की ने पुलिस से कहा कि वो बहुत डरी हुई है। अभी वो कोई भी फैसला लेने की स्थिति में नहीं है।
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS