Home LIFESTYLE NEWS HINDI Vishwakarma Puja 2026: विश्वकर्मा पूजा पर औजार-मशीनों की सफाई करते समय इन...

Vishwakarma Puja 2026: विश्वकर्मा पूजा पर औजार-मशीनों की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Vishwakarma Puja 2026: विश्वकर्मा पूजा वाले दिन औजारों और मशीनों की पूजा की जाती है। इसलिए इनकी साफ सफाई करना बेहद जरूरी माना जाता है। इसी से जुड़ी कुछ जरूरी टिप्स यहां हम आपके साथ साझा कर रहे

हिंदू धर्म में भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, तकनीक, वास्तुकला और शिल्प का देवता माना जाता है। हर साल विश्वकर्मा जयंती वाले दिन भगवान विश्वकर्मा की पूजा देशभर में की जाती है। खासकर कारखानों, दुकानों और वर्कशॉप में लोग अपने औजारों की पूजा करते हैं, जिन्हें भगवान विश्वकर्मा का ही आशीर्वाद माना जाता है। इस साल 17 सितंबर के दिन ये पावन पर्व मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा के पहले साफ सफाई बेहद जरूरी होती है। इसलिए विश्वकर्मा पूजा वाले दिन सबसे पहले औजार और मशीनों की सफाई जरूर की जाती है। इन्हीं की साफ-सफाई से जुड़ी कुछ जरूरी टिप्स यहां हम आपके साथ साझा कर रहे हैं।

विश्वकर्मा पूजा वाले दिन क्यों की जाती है औजारों की पूजा?

विश्वकर्मा पूजा वाले दिन औजारों और मशीनों की पूजा की जाती है। ये परंपरा हुनर और काम के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाती है। भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद मानकर लोग इन्हें पूजते हैं। इसलिए घर और कारखानों की सफाई के साथ-साथ औजारों और मशीनों की भी सफाई जरूरी मानी जाती है। इसके बाद लोग इनकी पूजा करते हैं।

मशीन और औजारों की सफाई करते हुए ध्यान रखें ये बातें

लोहे के औजार धोने के बाद तुरंत सुखाएं

ज्यादातर औजार लोहे के होते हैं इसलिए जंग लगने का खतरा भी रहता है। ऐसे में अगर आप पानी की मदद से इन्हें धो रहे हैं, तो ध्यान रखें कि लंबे समय तक गीला ना छोड़ें। ज्यादा नमी की वजह से औजारों में जंग लग सकता है और वो खराब हो सकते हैं। इन्हें धोने के बाद आपको तुरंत साफ कपड़े से पोंछ लेना है, उसके बाद चाहें तो ल्यूब्रिकेंट या तेल की एक लेयर भी लगा सकते हैं।

नुकीले औजारों को ध्यान से करें साफ

चाकू, कटर, आरी जैसे धारदार औजारों को साफ करते हुए थोड़ी सावधानी बरतें। इन्हें सीधा हाथ से साफ करने के बजाए आप किसी ब्रश या कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। सफाई के दौरान भी इन्हें सुरक्षित जगह पर ही रखें, ताकि गिरकर चोट लगने का खतरा ना रहे।

बिजली का कनेक्शन हटाना ना भूलें

किसी भी मशीन की सफाई करने से पहले सिर्फ स्विच बंद कर देना काफी नहीं है। सुनिश्चित करें कि इलेक्ट्रिक मशीन का प्लग निकला हुआ हो, उसके बाद ही सफाई शुरू करें। बड़ी मशीनों में जहां तक संभव हो पावर सोर्स को पूरी तरह काटने के बाद ही साफ-सफाई का काम शुरू करना चाहिए।

हर मशीन को साफ करने का तरीका है अलग

हर मशीन को एक तरह से साफ नहीं किया जाता है। इसलिए सफाई से पहले मशीन की मैनुअल या गाइडलाइन जरूर पढ़ लें। मशीन के इलेक्ट्रिकल पार्ट्स और अलग अलग हिस्सों के हिसाब से ही कपड़ा, ब्रश या क्लीनर का इस्तेमाल करें। खासकर मशीन के अंदरूनी हिस्सों को साफ करते हुए इन बातों का ध्यान जरूरी है।

सफाई के बाद तुरंत चालू ना करें मशीन

किसी भी मशीन को साफ करते हुए अगर पानी का इस्तेमाल किया गया है, तो उसे तुरंत ऑन ना करें। नमी की वजह से मशीन खराब हो सकती है और शॉर्ट सर्किट का खतरा भी हो सकता है। इसलिए पहले मशीन को पूरी तरह से सूखने दें, उसके बाद ही इस्तेमाल में लाएं।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN