Home - WhatsApp का नया फीचर, बिना अकाउंट के भी कर सकेंगे वॉयस और...

WhatsApp का नया फीचर, बिना अकाउंट के भी कर सकेंगे वॉयस और वीडियो कॉल; 32 लोग जुड़ सकेंगे

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp ने नया Guest Calling फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से यूजर्स बिना अकाउंट बनाए भी कॉल लिंक के जरिए वॉयस और वीडियो कॉल में शामिल हो सकेंगे। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं। 

WhatsApp ने यूजर्स के लिए नया Guest Calling फीचर पेश किया है। इसकी मदद से अब ऐसे लोगों को भी वॉयस और वीडियो कॉल में शामिल किया जा सकेगा, जिनका WhatsApp पर अकाउंट नहीं है। इस फीचर के लिए गेस्ट यूजर को WhatsApp पर अकाउंट बनाने या अपने फोन में ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। वह कॉल लिंक के जरिए कंप्यूटर के वेब ब्राउजर से कॉल में शामिल हो सकेगा। कंपनी के मुताबिक, यह विकल्प उन लोगों के लिए काम का हो सकता है, जिन्हें कभी-कभार ऑनलाइन मीटिंग या वीडियो कॉल में शामिल होना पड़ता है।

कॉल लिंक से जुड़ सकेंगे गेस्ट यूजर्स

WhatsApp के नए Guest Calling फीचर में अकाउंट रखने वाला यूजर कॉल लिंक बना सकेगा और उसे दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर कर सकेगा। लिंक मिलने के बाद गेस्ट उसे अपने कंप्यूटर के वेब ब्राउजर में खोलकर कॉल जॉइन करने का प्रोसेस पूरा कर सकेगा। इसके लिए उसे WhatsApp पर रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, कॉल लिंक बनाने के लिए WhatsApp अकाउंट जरूरी होगा।

नए फीचर के जरिए वन-टू-वन कॉल के अलावा ग्रुप कॉल भी की जा सकेगी। एक कॉल में मैक्सिमम 32 लोग शामिल हो सकेंगे। इससे ऑफिस मीटिंग, ऑनलाइन क्लास, ट्यूशन और दोस्तों या परिवार के साथ बातचीत करना आसान हो सकता है। खास बात यह है कि जिन लोगों के फोन में WhatsApp इंस्टॉल नहीं है, उन्हें भी कॉल में शामिल होने का विकल्प मिलेगा।

स्क्रीन शेयरिंग और दूसरे फीचर्स भी मिलेंगे

Guest Calling फीचर में सिर्फ वॉयस और वीडियो कॉलिंग ही नहीं, बल्कि स्क्रीन शेयरिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। इसके अलावा यूजर्स हैंड-रेज साइन दे सकेंगे और इमोजी के जरिए अपना रिएक्शन भी दे सकेंगे। ये फीचर्स खास तौर पर ऑनलाइन मीटिंग और ग्रुप कन्वर्सेशंस के दौरान काम के साबित हो सकते हैं।

कॉल में शामिल होने के लिए गेस्ट को अपना नाम एंटर करना होगा। इसके बाद उसे वेटिंग रूम में रखा जाएगा और होस्ट की परमिशन मिलने पर ही वह कॉल का हिस्सा बन सकेगा। होस्ट के पास गेस्ट को कॉल से हटाने का ऑप्शन भी होगा। इससे कॉल में शामिल होने वाले लोगों पर कंट्रोल बनाए रखने में मदद मिलेगी।

प्राइवेसी का भी रखा गया ध्यान

WhatsApp के मुताबिक, Guest Calling के दौरान होने वाली कॉल्स एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होंगी। गेस्ट दूसरे पार्टिसिपेंट्स के फोन नंबर नहीं देख सकेंगे। वे कॉल के दौरान मैसेज नहीं भेज पाएंगे और ना ही अपनी तरफ से दूसरे लोगों को जोड़ सकेंगे। यह फीचर WhatsApp को Google Meet और Zoom जैसे ऑनलाइन मीटिंग प्लेटफॉर्म के विकल्प के तौर पर मजबूत कर सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN