Source :- LIVE HINDUSTAN
WhatsApp एक नए Logout फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स ऐप डिलीट किए बिना कुछ समय के लिए WhatsApp से ब्रेक ले सकेंगे। आइए आपको डिटेल में बताते हैं कि कैसे काम करेगा नया फीचर।
WhatsApp लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है ताकि यूजर्स का अनुभव बेहतर बनाया जा सके। अब कंपनी एक ऐसे फीचर की टेस्टिंग कर रही है जिसका इंतजार कई यूजर्स लंबे समय से कर रहे थे। यह नया Logout फीचर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है जो कुछ समय के लिए WhatsApp से दूरी बनाना चाहते हैं, लेकिन अपना अकाउंट डिलीट नहीं करना चाहते। अभी तक अगर कोई यूजर WhatsApp से ब्रेक लेना चाहता था, तो उसके पास दो ही ऑप्शन होते थे। पहला, ऐप को फोन से अनइंस्टॉल कर देना और दूसरा, अकाउंट डिलीट कर देना। दोनों ही ऑप्शन कई लोगों के लिए सुविधाजनक नहीं थे क्योंकि इससे जरूरी चैट, सेटिंग्स और डेटा को लेकर चिंता बनी रहती थी।
बिजनेस स्टैण्डर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी एक नए Logout ऑप्शन की टेस्टिंग कर रही है, जिससे यूजर्स टेम्पररी WhatsApp से बाहर निकल सकेंगे। खास बात यह है कि इस दौरान उनका अकाउंट और डेटा सुरक्षित रहेगा। यह फीचर उन लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकता है जो डिजिटल डिटॉक्स करना चाहते हैं या कुछ दिनों के लिए लगातार आने वाले मैसेज और नोटिफिकेशन से राहत पाना चाहते हैं।
ऐसे काम करेगा नया फीचर
WhatsApp के अकाउंट सेटिंग्स सेक्शन में Logout का नया विकल्प दिखाई दे सकता है। इस ऑप्शन पर टैप करने के बाद यूजर्स को दो ऑप्शन मिल सकते हैं। पहला ऑप्शन होगा कि यूजर अपने सभी डेटा और सेटिंग्स को फोन में सुरक्षित रखते हुए केवल WhatsApp से लॉगआउट हो जाए। दूसरा ऑप्शन डेटा हटाकर लॉगआउट करने का हो सकता है।इसका मतलब है कि यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से फैसला कर सकेगा कि वह केवल कुछ समय के लिए WhatsApp से दूर रहना चाहता है या फिर पूरी तरह से डेटा हटाना चाहता है।
ऐप डिलीट किए बिना मिलेगा ब्रेक
WhatsApp का यह नया फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है जो लगातार आने वाले मैसेज और नोटिफिकेशन से परेशान हो जाते हैं। कई बार लोग कुछ दिनों के लिए सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स से दूरी बनाना चाहते हैं, लेकिन जरूरी चैट्स और डेटा के कारण ऐसा नहीं कर पाते। Logout फीचर आने के बाद यूजर्स ऐप को हटाए बिना WhatsApp से ब्रेक ले सकेंगे। जब वे वापस लौटना चाहेंगे, तो आसानी से दोबारा लॉगिन कर सकेंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






