Home - Xiaomi टैबलेट में मिलेगी 11000mAh की बैटरी! 12.5 इंच 144Hz डिस्प्ले के...

Xiaomi टैबलेट में मिलेगी 11000mAh की बैटरी! 12.5 इंच 144Hz डिस्प्ले के साथ होगा लॉन्च

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Xiaomi Pad 9 Pro के कथित स्पेसिफिकेशंस ऑनलाइन लीक हुए हैं, जिसमें 12.5 इंच 3.2K 144Hz डिस्प्ले और Snapdragon 8 Gen 5 चिप मिलने की बात कही गई है। इसमें 11000mAh क्षमता वाली बैटरी दी जाएगी। 

टेक ब्रैंड Xiaomi अपने नए प्रीमियम टैबलेट Xiaomi Pad 9 Pro को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। लॉन्च से पहले इस टैबलेट के हार्डवेयर से जुड़ी कई अहम जानकारियां लीक हो गई हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक Xiaomi Pad 9 Pro में कंपनी बड़ी स्क्रीन, हाई रिफ्रेश रेट और दमदार Qualcomm प्रोसेसर के साथ काफी बड़ी बैटरी देने की तैयारी में है। अगर ये लीक सही साबित होते हैं, तो नया टैबलेट मौजूदा Xiaomi Pad 8 Pro के मुकाबले कई बड़े अपग्रेड्स दे सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक Xiaomi Pad 9 Pro को चीन की MIIT सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर 2612CRPFFC मॉडल नंबर के साथ देखा जा चुका है। इसके बाद अब Weibo पर टिप्सटर Digital Chat Station ने इस डिवाइस के संभावित हार्डवेयर स्पेसिफिकेशंस की जानकारी शेयर की है। हालांकि Xiaomi ने अभी तक इन स्पेसिफिकेशंस की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, इसलिए इन्हें फिलहाल लीक के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

12.5 इंच की बड़ी 3.2K स्क्रीन

Xiaomi Pad 9 Pro में सबसे बड़ा बदलाव इसके डिस्प्ले को लेकर देखने को मिल सकता है। लीक के अनुसार इसमें 12.5 इंच का LCD डिस्प्ले दिया जाएगा। यह स्क्रीन पिछले Xiaomi Pad 8 Pro में मिलने वाले 11.2 इंच के पैनल से काफी बड़ी होगी। डिस्प्ले में 3.2K रिजॉल्यूशन यानी 3,200 x 2,136 पिक्सल मिलने की बात कही गई है। खास बात यह है कि स्क्रीन का रिफ्रेश रेट 144Hz बताया जा रहा है। इसका मतलब है कि स्क्रॉलिंग, गेमिंग और दूसरे हाई-फ्रेम-रेट कंटेंट के दौरान यूजर्स को काफी स्मूद विजुअल एक्सपीरियंस मिल सकता है।

बड़ी स्क्रीन का फायदा खास तौर पर उन लोगों को मिल सकता है जो टैबलेट का इस्तेमाल वीडियो देखने के साथ-साथ मल्टीटास्किंग, ऑफिस वर्क, पढ़ाई या क्रिएटिव काम के लिए करते हैं। Xiaomi इस मॉडल को प्रीमियम टैबलेट सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प के तौर पर पेश कर सकती है।

Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर की ताकत

परफॉर्मेंस के लिए Xiaomi Pad 9 Pro में Qualcomm का Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिए जाने की बात सामने आई है। लीक के मुताबिक यह 3nm प्रोसेस पर बेस्ड चिप हो सकती है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो Xiaomi Pad 9 Pro को हाई-एंड एंड्रॉयड टैबलेट कैटेगरी में काफी दमदार प्रदर्शन मिलने की उम्मीद है। प्रोसेसर की ताकत का फायदा गेमिंग, मल्टीटास्किंग, वीडियो एडिटिंग और दूसरे हैवी टास्क में मिल सकता है।

खास बात यह है कि Xiaomi का नया Pad 9 Pro कंपनी के हाल में सामने आए Xring O3 प्रोसेसर के बजाय Qualcomm चिपसेट के साथ आ सकता है। वहीं Xiaomi के अन्य प्रीमियम टैबलेट मॉडल में कंपनी का इन-हाउस चिप इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है।

मिलेगी 11000mAh की बड़ी बैटरी

Xiaomi Pad 9 Pro का एक और बड़ा हाइलाइट इसकी बैटरी हो सकती है। लीक के मुताबिक इसमें 11000mAh की बैटरी दी जाएगी। यह मौजूदा Xiaomi Pad 8 Pro में मिलने वाली 9200mAh बैटरी से काफी बड़ी है। बैटरी क्षमता में इस बढ़ोतरी का सीधा फायदा बैटरी बैकअप में देखने को मिल सकता है। बड़ी स्क्रीन और हाई रिफ्रेश रेट के बावजूद बड़ी बैटरी टैबलेट को लंबे समय तक चलाने में मदद कर सकती है।

67W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट

बड़ी बैटरी के साथ Xiaomi Pad 9 Pro में 67W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है। यानी Xiaomi ने इस मॉडल में केवल बैटरी क्षमता बढ़ाने पर ही ध्यान नहीं दिया है, बल्कि बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने की सुविधा भी दी जा सकती है। पहले सामने आई जानकारी में Xiaomi Pad 9 सीरीज के अलग-अलग मॉडल्स के लिए अलग चार्जिंग स्पीड की बात सामने आई थी। स्टैंडर्ड Xiaomi Pad 9 में 45W चार्जिंग और Pro मॉडल में 67W चार्जिंग मिलने की संभावना बताई गई थी।

बता दें, Xiaomi ने अभी तक Pad 9 Pro की लॉन्च डेट और कीमत की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि हालिया रिपोर्ट्स में Xiaomi Pad 9 सीरीज को सितंबर में चीन में लॉन्च किए जाने की संभावना जताई गई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN