Home rss business hindi Zomato के शेयर ने रचा इतिहास, 375% तक पहुंचा IPO वाले निवेशकों...

Zomato के शेयर ने रचा इतिहास, 375% तक पहुंचा IPO वाले निवेशकों का रिटर्न

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • इस कंपनी के शेयर बुधवार को कारोबार के दौरान 372 रुपये के स्तर तक पहुंच गए
  • साल 2026 में इटरनल के शेयर अब तक करीब 30 फीसदी चढ़ चुके हैं

फूड डिलीवरी करने वाले जोमैटो और क्विक कॉमर्स ब्रांड ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी इटरनल के शेयर ने बुधवार को नया रिकॉर्ड बनाया। सप्ताह के तीसरे दिन इस कंपनी के शेयर कारोबार के दौरान 372 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। यह शेयर के अब तक का उच्चतम स्तर है। इस तेजी के साथ इटरनल के शेयर ने उन निवेशकों को करीब 375 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है, जिन्हें इसका आईपीओ अलॉट हुआ था। बता दें कि कंपनी ने साल 2021 में शेयर बाजार में शानदार एंट्री की थी।

शेयर का परफॉर्मेंस

साल 2026 में इटरनल के शेयर अब तक करीब 30 फीसदी चढ़ चुके हैं। वहीं, साल 2021 में कंपनी का आईपीओ 76 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आया था। बुधवार के बंद भाव 361 रुपये के हिसाब से देखें तो उस समय निवेश करने वाले निवेशकों का पैसा करीब 4.75 गुना हो गया है। बता दें कि कंपनी का शेयर अपने 76 रुपये के आईपीओ इश्यू प्राइस के मुकाबले 52 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम पर 116 रुपये पर लिस्ट हुआ था। हालांकि, बाद के कुछ साल शेयर में बड़ी गिरावट भी आई । अब एक बार फिर से शेयर ने इतिहास रच दिया है।

कैसे रहे नतीजे?

ऑनलाइन फूड डिलिवरी और क्विक कॉमर्स कारोबार करने वाली कंपनी इटरनल को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 125 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 92 प्रतिशत अधिक है। तिमाही के दौरान राजस्व सालाना 76 प्रतिशत बढ़कर 24,621 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी के क्विक कॉमर्स कारोबार ब्लिंकिट का नेट ऑर्डर प्राइस 79.3 प्रतिशत बढ़कर 20,940 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने जुलाई-सितंबर में 308 नए स्टोर शुरू किए और उसके स्टोर की कुल संख्या 2,751 हो गई। उसने अगले साल मार्च तक 3,500 स्टोर पर पहुंचने की उम्मीद जताई है। कंपनी के फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो का नेट ऑर्डर प्राइस 11,445 करोड़ रुपये दर्ज किया गया जो सालाना आधार पर 21.5 प्रतिशत अधिक है।

ब्रोकरेज को शेयर में और तेजी की उम्मीद

कई ब्रोकरेज फर्म भी इटरनल के भविष्य को लेकर सकारात्मक हैं। मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि कंपनी को अपने मजबूत फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म और तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स कारोबार का फायदा मिल सकता है। वहीं, कोटक नियो ने इटरनल के शेयर पर बाय रेटिंग देते हुए 435 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025-26 से 2028-29 के बीच कंपनी का रेवेन्यू करीब 63 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ सकता है। इस दौरान एबिटा मार्जिन 2.2 फीसदी से बढ़कर 4.6 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN