Home LIFESTYLE NEWS HINDI अच्छी क्वालिटी की चाय पत्ती कैसे पहचानें? सिर्फ ब्रांड नहीं, ये चीजें...

अच्छी क्वालिटी की चाय पत्ती कैसे पहचानें? सिर्फ ब्रांड नहीं, ये चीजें भी देखें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत चाय से होती है, इसलिए अच्छी क्वालिटी की चाय पत्ती चुनना जरूरी है। लेकिन चाय पत्ती असली है या मिलावटी, इसकी पहचान कैसे करें? जानें कुछ आसान तरीके।

ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत चाय के एक कप से होती है। सुबह की नींद भगानी हो या दिनभर की थकान दूर करनी हो, चाय पीने से ताजगी महसूस होती है। लेकिन चाय का स्वाद और खुशबू काफी हद तक उसकी पत्ती की क्वालिटी पर निर्भर करते हैं। ऐसे में अच्छी चाय पत्ती चुनना बहुत जरूरी है। बाजार में कई तरह की चाय पत्ती मिलती हैं, लेकिन सिर्फ रंग या ब्रांड देखकर यह पता लगाना आसान नहीं है कि उसकी क्वालिटी कैसी है या उसमें मिलावट तो नहीं है। तो चलिए जानते हैं कि चाय पत्ती खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और घर पर किन आसान तरीकों से उसकी क्वालिटी चेक कर सकते हैं।

1. चाय पत्ती का रंग और आकार

चाय पत्ती खरीदते समय सबसे पहले उसके रंग और आकार पर ध्यान दें। पत्ती वाली चाय में अगर ज्यादातर पत्तियां साबुत और एक जैसी दिख रही हैं, तो यह अच्छी क्वालिटी का एक संकेत हो सकता है। वहीं, अगर पैकेट में बहुत ज्यादा बारीक चूरा या अजीब तरह के रंग वाले टुकड़े दिखें, तो उसे ध्यान से देखें। हालांकि, हर चाय पत्ती का एक जैसा दिखना जरूरी नहीं है क्योंकि अलग-अलग किस्म की चाय पत्ती दिखती भी अलग ही है।

2. हाथ से छूकर और रगड़कर

अगर खुली चाय पत्ती खरीद रहे हैं, तो उसकी बनावट पर भी ध्यान दें। अच्छी तरह सूखी चाय पत्ती आमतौर पर हाथ में नमी वाली या चिपचिपी महसूस नहीं होती। थोड़ी सी चाय पत्ती उंगलियों के बीच हल्के से रगड़कर देखें। अगर उसमें नमी महसूस हो या वह अजीब तरीके से चिपक रही हो, तो उसकी क्वालिटी को लेकर सवाल हो सकता है।

3. चाय पत्ती की खुशबू

अच्छी चाय पत्ती में उसकी किस्म के हिसाब से साफ और पहचानने लायक खुशबू होती है। अगर उसमें सीलन, बासी चीज या गत्ते जैसी गंध आ रही है, तो वह ठीक से स्टोर नहीं हुई हो सकती है।

4. पानी वाला टेस्ट

चाय पत्ती की क्वालिटी का अंदाजा लगाने के लिए आप पानी वाला टेस्ट कर सकते हैं। इसके लिए एक गिलास में पानी लें और उसमें थोड़ी सी चाय पत्ती डालें। कुछ देर इंतजार करें और देखें कि पानी में रंग कैसे घुल रहा है। अगर चाय पत्ती बिना गर्म किए ही बहुत तेजी से गहरा रंग छोड़ने लगे, तो उसमें आर्टिफिशियल कलर की मिलावट हो सकती है।

5. चुंबक से

चाय पत्ती में लोहे के बारीक कणों का पता लगाने के लिए चुंबक का इस्तेमाल कर सकते हैं। एफएसएसएआई ने भी इस तरीके को बताया है। एक साफ प्लेट पर थोड़ी सी चाय पत्ती फैलाएं और उसके ऊपर धीरे-धीरे चुंबक घुमाएं। अगर लोहे के कण मौजूद होंगे, तो वे चुंबक से चिपक जाएंगे। ऐसा होने पर उस चाय पत्ती का इस्तेमाल न करें।

  • पैकेट या डिब्बा बंद चाय पत्ती के लिए क्या करें?

पैकेट वाली चाय पत्ती खरीदते समय सिर्फ ब्रांड और कीमत देखकर फैसला न करें। सबसे पहले पैकेट की पैकिंग देखें। वह कहीं से फटा हुआ, खुला या नमी वाला नहीं होना चाहिए। इसके बाद पैकिंग की तारीख, इस्तेमाल करने की आखिरी तारीख और बैच नंबर जैसी जानकारी चेक करें। पैकेट पर निर्माता का नाम और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर भी देखें। अगर पैकेट के अंदर चाय पत्ती दिखाई दे रही है, तो उसका रंग और बनावट भी देख सकते हैं।

  • चाय पत्ती को स्टोर करने का तरीका

चाय पत्ती अच्छी क्वालिटी की ले ली, लेकिन उसे सही से स्टोर नहीं किया तो वह जल्दी खराब हो सकती है। इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर सूखी जगह पर रखें। नमी, तेज धूप और मसालों जैसी तेज खुशबू वाली चीजों से दूर रखें, ताकि चाय की खुशबू और स्वाद बना रहे।

डिस्क्लेमर: घर पर किए जाने वाले ये टेस्ट चाय पत्ती की क्वालिटी और मिलावट का सिर्फ शुरुआती अंदाजा देते हैं। इनसे मिलावट की पक्की पुष्टि नहीं की जा सकती। सही नतीजे के लिए लैब टेस्ट जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN