Home rss business hindi अडानी की कंपनियों में 86 लाख शेयरों का ट्रांजैक्शन, किसने खरीदा, कौन...

अडानी की कंपनियों में 86 लाख शेयरों का ट्रांजैक्शन, किसने खरीदा, कौन बेचने वाला?

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Adani Enterprises block deal: अडानी ग्रुप की लीडिंग कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के प्रमोटर ग्रुप की कंपनियों के बीच लगभग 86 लाख शेयरों का ट्रांजैक्शन हुआ है। यह ट्रांजैक्शन अलग-अलग ब्लॉक डील्स के जरिए 2,498 करोड़ रुपये का था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के डेटा के अनुसार अडानी एंटरप्राइजेज में 0.63 प्रतिशत हिस्सेदारी वाले ये शेयर अडानी इंफ्रा (इंडिया) लिमिटेड और अडानी प्रॉपर्टीज ने खरीदे। अडानी प्रॉपर्टीज ने 51.50 लाख शेयर खरीदे जबकि अडानी इंफ्रा (इंडिया) ने अडानी एंटरप्राइजेज में 34.50 लाख शेयर हासिल किए। शेयरों का ट्रांजैक्शन औसतन 2,905 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर हुआ, जिससे कुल डील की कीमत 2,498.30 करोड़ रुपये हो गई।

दूसरी तरफ, प्रमोटर ग्रुप की कंपनी इनफिनिट ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड ने उसी कीमत पर उतने ही शेयर बेचे। इस बिक्री के बाद अडानी एंटरप्राइजेज में इनफिनिट ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट की हिस्सेदारी 2.01 प्रतिशत से घटकर 1.38 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, इन लेन-देन से कंपनी में प्रमोटरों और प्रमोटर ग्रुप की कंपनियों की कुल हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं आएगा। बता दें कि NSE पर शुक्रवार को अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 0.57 प्रतिशत बढ़कर 2,916.50 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए।

अडानी प्रॉपर्टीज का क्या है प्लान?

मिंट की एक खबर के मुताबिक अडानी प्रॉपर्टीज इस साल मुंबई में प्रीमियम और लग्जरी प्रोजेक्ट लॉन्च करने की योजना बना रही है। डेवलपर गोरेगांव (पश्चिम) में एक क्लस्टर रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के पहले 5-6 एकड़ हिस्से को लॉन्च करने की योजना बना रहा है, जिसमें 1,300-1,400 घर होंगे। इनमें से ज्यादातर दो और तीन बेडरूम वाले अपार्टमेंट होंगे, जिनकी कीमत ₹34,000-35,000 प्रति वर्ग फुट होगी।

कंपनी बांद्रा रिक्लेमेशन में अपने बहुप्रतीक्षित अल्ट्रा-लग्जरी प्रोजेक्ट को लॉन्च करने की भी तैयारी कर रही है। इसे केवल आमंत्रण के जरिए बेचा जाएगा। पहले चरण में पांच एकड़ में फैले लगभग 140 घर होंगे, जिनमें से हर एक का साइज लगभग 5,000 वर्ग फुट होगा और कीमत लगभग ₹1,20,000 प्रति वर्ग फुट होगी। इस प्रोजेक्ट में पेंटहाउस भी होंगे, जिनके साइज को 10,000 वर्ग फुट से 20,000 वर्ग फुट के बीच कस्टमाइज किया जा सकेगा। इसके साथ ही इसमें एक ब्रांडेड क्लब भी होगा।

बता दें कि पिछले साल ₹36,000 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए सबसे अधिक बोली लगाने वाली कंपनी के तौर पर उभरने के बाद अडानी प्रॉपर्टीज को महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी ने गोरेगांव (पश्चिम) में मोतीलाल नगर के रीडेवलपमेंट का काम सौंपा था। कंपनी ने L&T Realty से अधिक बोली लगाकर 142 एकड़ का यह प्रोजेक्ट हासिल किया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN