Home rss world hindi अमेरिका के इस शहर में पूरी पुलिस फोर्स ने दिया इस्तीफा, चीफ...

अमेरिका के इस शहर में पूरी पुलिस फोर्स ने दिया इस्तीफा, चीफ बोले- अब यहां काम करना मुमकिन नहीं

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीफ लामार बन का आरोप है कि सिटी हॉल के अधिकारियों ने अपने निजी पैसों से जीपीएस ट्रैकर खरीदा और उनकी जानकारी के बिना उनके निजी ट्रक में फिट कर दिया। इसकी जानकारी न तो सिटी काउंसिल को थी और न ही उनके वरिष्ठ अधिकारियों को।

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य के एक छोटे से शहर मिलनर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच छिड़ी तीखी जंग के बाद पूरी फुल-टाइम पुलिस फोर्स ने एक साथ अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इतना ही नहीं, पुलिस चीफ के इस्तीफे के साथ-साथ शहर की सिटी मैनेजर और ज्यादातर पार्ट-टाइम वालंटियर पुलिस अधिकारियों ने भी अपना पद छोड़ दिया है।

‘फॉक्स न्यूज डिजिटल’ की रिपोर्ट के अनुसार, मिलनर पुलिस चीफ लामार बन ने सिटी हॉल पर उनकी निजी गाड़ी में चुपके से जीपीएस ट्रैकर लगाने और नैतिक सीमाओं को लांघने का गंभीर आरोप लगाया है।

“प्राइवेट ट्रक में छुपाकर लगाया गया GPS ट्रैकर”

पुलिस चीफ लामार बन ने शहर के प्रशासन पर गुप्त जासूसी और छवि खराब करने का आरोप लगाया है।

चीफ लामार बन का आरोप है कि सिटी हॉल के अधिकारियों ने अपने निजी पैसों से जीपीएस ट्रैकर खरीदा और उनकी जानकारी के बिना उनके निजी ट्रक में फिट कर दिया। इसकी जानकारी न तो सिटी काउंसिल को थी और न ही उनके वरिष्ठ अधिकारियों को।

चीफ बन ने यह भी खुलासा किया कि उन पर सिटी मैनेजर ताउशा ग्रोस के साथ अवैध संबंध रखने के झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए गए।

अपने त्यागपत्र में चीफ बन ने लिखा, “नेतृत्व, प्रशासन और नैतिक मानकों को लेकर पैदा हुए बुनियादी मतभेदों के कारण मैं इस्तीफा दे रहा हूं। शहर के नेतृत्व द्वारा हाल ही में लिए गए फैसलों और कानूनी अनुपालन की अनदेखी ने ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की मेरी क्षमता को प्रभावित किया है।”

सिटी मैनेजर और कैप्टन ने भी दिया इस्तीफा; मेयर की जांच की मांग

सिटी काउंसिल की बैठक के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब सिटी मैनेजर ताउशा ग्रोस ने भी अपने इस्तीफे का आधिकारिक ऐलान कर दिया।

ताउशा ग्रोस ने बैठक में कहा, “मुझे बेहद दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारी पूरी फुल-टाइम पुलिस टीम, ज्यादातर पार्ट-टाइम अधिकारियों और मैंने खुद आज अपना इस्तीफा सौंप दिया है।”

वहीं, पुलिस कैप्टन क्रेग वाल्टन ने शहर के मेयर क्रेग टिमन्स के खिलाफ स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। वाल्टन ने शहर के निवासियों और काउंसिल सदस्यों से अपील की है कि वे मेयर के आचरण, उनके की ओर से ली गई शपथ के उल्लंघन और कर्मचारियों के अधिकारों के हनन की निष्पक्ष जांच कराएं।

पुलिस गाड़ियां और ओवरटाइम भी विवाद की वजह?

भले ही इस्तीफे का मुख्य कारण जीपीएस ट्रैकर कांड और मेयर-प्रशासन का अनुचित हस्तक्षेप बताया जा रहा है, लेकिन इससे पहले भी शहर में पुलिस अधिकारियों के ओवरटाइम और पार्ट-टाइम काम के लिए सरकारी गाड़ियों के इस्तेमाल को लेकर विवाद चल रहा था।

इस्तीफे के बाद बैठक में भावुक हुए पुलिस चीफ बन ने कहा कि उनका परिवार दशकों से लामार काउंटी में पुलिस सेवा देता आया है और 1974 में उनके पिता भी इसी विभाग में थे, लेकिन मौजूदा माहौल में काम करना असंभव हो गया था।

फिलहाल मेयर क्रेग टिमन्स ने विवाद को सुलझाने की उम्मीद जताई है, लेकिन एक साथ पूरे पुलिस विभाग के खाली हो जाने से मिलनर शहर में कानून-व्यवस्था का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN