Home National news hindi अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए अंतरिम महामंत्री कृष्ण मोहन कौन हैं?

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए अंतरिम महामंत्री कृष्ण मोहन कौन हैं?

4
0

Source :- BBC INDIA

कृष्ण मोहन

इमेज स्रोत, ANI

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 4 मिनट

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने घोषणा की है कि ट्रस्ट के संविधान के मुताबिक़ महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा स्वीकार हो चुका है.

चंपत राय की जगह ट्रस्ट के ही एक अन्य सदस्य कृष्ण मोहन को ट्रस्ट के महामंत्री पद की ज़िम्मेदारी दी गई है. वो अंतरिम महामंत्री होंगे.

कृष्ण मोहन अगले महामंत्री की नियुक्ति तक इस पद पर बने रहेंगे. इस पद पर नियुक्ति के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में भी मीडिया से बातचीत की है.

कृष्ण मोहन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ये होगी कि चंदा चोरी के मामले में जो भी दोषी पाया जाता है, उसे सज़ा मिले.

इसके साथ ही उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि ट्रस्ट के “प्रबंधन और संचालन में कहीं न कहीं कमियां” रह गई थीं.

कृष्ण मोहन ने कहा कि जहां कमियां होगी उन्हें ठीक करना उनका प्रयत्न होगा.

उन्होंने कहा, “समाज में जो माहौल बना है उससे हमारे न्यास की छवि धूमिल हुई है, उससे अविश्वास का भाव पैदा हुआ है. मेरा प्रयत्न होगा कि जो छवि धूमिल हुई है, उसे फिर से स्थापित करेंगे.”

कौन हैं कृष्ण मोहन

स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज

इमेज स्रोत, ANI

73 वर्षीय कृष्ण मोहन भारतीय वन सेवा (आईएफ़एस) के पूर्व अधिकारी रहे हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारी थे.

अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, कृष्ण मोहन उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िले के रहने वाले हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आरएसएस के क्षेत्र संघचालक रहे हैं.

बीते साल सितंबर में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्र्स्ट के एक सदस्य कामेश्वर चौपाल की मौत के बाद उन्हें सदस्य नियुक्त किया गया था.

अख़बार के मुताबिक़ कामेश्वर चौपाल बिहार के रहने वाले थे और दलित समुदाय से आते थे.

कृष्ण मोहन भी दलित समुदाय से हैं. उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से भूविज्ञान (जियोलॉजी) में एमएससी करने के बाद भारतीय वन सेवा के महाराष्ट्र कैडर में शामिल हुए.

जनवरी 2024 में राम मंदिर के पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में वह अपनी पत्नी के साथ यजमान दंपतियों में शामिल थे.

1978 में भारतीय वन सेवा में शामिल होने से पहले कृष्ण मोहन ने कुछ सालों तक परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक के रूप में भी काम किया.

उन्होंने महाराष्ट्र वन विभाग में अलग-अलग पदों पर काम किया और 2012 में अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन के पद से रिटायर हुए.

उन्होंने आरएसएस में नगर संघचालक, ज़िला संघचालक और अवध प्रांत के प्रांत संघचालक सहित कई ज़िम्मेदारियां निभाई हैं.

द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा था, “मुझे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के चंपत राय जी से जानकारी मिली कि मुझे ट्रस्टी के रूप में नामित किया गया है. यह मेरे लिए अप्रत्याशित था. यह सब भगवान राम की इच्छा से हुआ है. मैं अपनी नई ज़िम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाऊंगा.”

चंपत राय और अनिल मिश्रा की विदाई

चंपत राय

इमेज स्रोत, ANI

अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले के बाद सोमवार को पहली बार श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक हुई. इस बैठक में ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा स्वीकार किया गया.

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने मीडिया के साथ बातचीत में इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि उनकी जगह कृष्ण मोहन को अंतरिम महामंत्री बनाया गया है. नए महामंत्री की नियुक्ति होने तक वो इस पद पर रहेंगे.

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने बताया कि ख़ास अधिकारियों की नियुक्ति करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है और 22 जुलाई को ट्रस्ट की दोबारा बैठक होगी.

उन्होंने उम्मीद जताई कि 22 जुलाई को जब दोबारा बैठक होगी तब तक एसआईटी की रिपोर्ट भी आ जाएगी.

चंपत राय ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के आरोपों के बीच बीते महीने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

26 जून से चंपत राय के इस्तीफ़े की ख़बरें आ रही थीं लेकिन ट्रस्ट की ओर से 27 जून को एक पत्र जारी कर इस्तीफ़े की जानकारी दी गई थी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS