Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर बिना प्याज और लहसुन के स्वादिष्ट पनीर की सब्जी बनाना चाहते हैं, तो यह हरियाली पनीर रेसिपी जरूर ट्राई करें। कुकर में आसानी से बनने वाली यह सब्जी स्वाद और सेहत, दोनों से भरपूर है।
पनीर की सब्जी लगभग हर घर में पसंद की जाती है, लेकिन हर बार एक जैसी रेसिपी खाने से मन भर जाता है। अगर आप कुछ नया बनाना चाहते हैं और साथ ही प्याज-लहसुन नहीं खाते, तो यह हरियाली पनीर आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें लौकी (जिसे ज्यादातर लोग खाना पसंद नहीं करते) हीरो इंग्रीडिएंट है और यह वन पॉट रेसिपी है। यानी बिना झंझट के एक बार में ही कुकर में बन जाएगी। आइए जानते हैं इस आसान और स्वादिष्ट रेसिपी को बनाने का तरीका।
हरियाली पनीर बनाने के लिए सामग्री
ग्रेवी के लिए: 1 बड़ा चम्मच तेल, आधा कप कटी हुई लौकी, आधा कप कटी हुई शिमला मिर्च, 7 से 8 बादाम, 7 से 8 काजू, 1 तेज पत्ता, 3 से 4 काली मिर्च, 1 हरी इलायची, दालचीनी का छोटा टुकड़ा, 2 हरी मिर्च. स्वादानुसार नमक, चौथाई कप पानी
पनीर के लिए: आधा कप पनीर, चौथाई छोटा चम्मच काला नमक, चौथाई छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर, चौथाई छोटा चम्मच कसूरी मेथी, डेढ़ छोटा चम्मच दही1 बड़ा चम्मच दरदरा सौंफ पाउडर
गार्निशिंग के लिए: ताजी मलाई, बारीक कटा हरा धनिया
ऐसे बनाएं हरियाली पनीर
- सबसे पहले कुकर में तेल डालें। अब इसमें लौकी, शिमला मिर्च, बादाम, काजू, तेज पत्ता, काली मिर्च, इलायची, दालचीनी, हरी मिर्च, नमक और पानी डाल दें।
- अब एक अलग कटोरे में पनीर, काला नमक, काली मिर्च, जीरा पाउडर, कसूरी मेथी, सौंफ पाउडर और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- इस कटोरे को कुकर के अंदर एक स्टैंड या कटोरी के ऊपर रख दें। अब कुकर का ढक्कन बंद करके तीन से चार सीटी आने तक पकाएं।
- कुकर का प्रेशर निकलने के बाद पनीर वाला कटोरा अलग निकाल लें। कुकर में पकी हुई सब्जियों को पीसकर मुलायम ग्रेवी तैयार कर लें।
- अब इस ग्रेवी में तैयार पनीर डालकर दो से तीन मिनट हल्की आंच पर पका लें।
- ऊपर से ताजी मलाई और हरा धनिया डालकर गरमा गरम परोसें।
इस रेसिपी की खास बातें
- वन पॉट रेसिपी: इस रेसिपी में अलग-अलग बर्तन इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय और मेहनत दोनों बचते हैं।
- प्याज-लहसुन के बिना भी भरपूर स्वाद: सौंफ, साबुत मसाले, काजू और बादाम इस सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ा देते हैं।
- लौकी खाने का नया तरीका: अगर घर में कोई लौकी नहीं खाता, तो इस तरह ग्रेवी बनाकर आसानी से उसे खाने में शामिल किया जा सकता है।
- व्रत या जैन भोजन के लिए भी बढ़िया ऑप्शन: यह रेसिपी बिना प्याज और लहसुन के बनती है, इसलिए कई लोग इसे खास मौकों पर भी बना सकते हैं।
बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- ताजा पनीर इस्तेमाल करने से स्वाद और भी अच्छा आता है।
- साथ ही पनीर को ज्यादा देर तक ना पकाएं, वरना वह हार्ड हो जाएगा।
- ग्रेवी को और मुलायम बनाने के लिए अच्छी तरह पीसें और फिर छान भी सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



