Home Latest news ताज़ा खबर आजम खान पर ED का शिकंजा, 4 दिन की रिमांड, कल लखनऊ...

आजम खान पर ED का शिकंजा, 4 दिन की रिमांड, कल लखनऊ में होगी पूछताछ

6
0

Source :- INDIATV NEWS

समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) को आजम खान की चार दिन की रिमांड मिल गई है। ED अब उनसे पूछताछ करेगी। जानकारी के मुताबिक, आजम खान को शुक्रवार को लखनऊ लाया जाएगा, जहां प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम उनसे पूछताछ करेगी।

31 अक्टूबर को ED ने लिया था हिरासत में

दरअसल, आजम खान को 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिली थी। जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। प्रवर्तन निदेशालय की यह कार्रवाई धन शोधन और रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में कथित तौर पर सरकारी धन और ठेकों से जुड़े धन के दुरुपयोग के मामले में की गई। इस मामले में ED जांच कर रही है।

शिवपाल सिंह यादव ने की मुलाकात

वहीं, गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की। मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने आजम खान के कथित उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है और अब न्यायालय से ही राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

जेल में मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार आजम खान का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे झूठे हैं और उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। शिवपाल ने कहा कि अब केवल न्यायालय ही उन्हें राहत दे सकता है।

उन्होंने कहा, “जेल में आजम खान का उत्पीड़न हो रहा है। अब केवल न्यायालय से ही उम्मीद है। न्यायालय ही उनको राहत देगा। प्रशासन लगातार उनका उत्पीड़न कर रहा है। सभी को मालूम है कि उनके खिलाफ दर्ज सारे मुकदमे झूठे हैं।”

जौहर विश्वविद्यालय बनाने को बताया उत्पीड़न की वजह

शिवपाल यादव ने आजम खान को लेकर कहा कि उनका दोष सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान मुस्लिम हैं, इसलिए उनके साथ उत्पीड़न और अन्याय किया जा रहा है।

जेल में दोनों के बीच लगी थी जाली

शिवपाल यादव ने मुलाकात के दौरान जेल की व्यवस्थाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह आजम खान से मिलने पहुंचे तो उनके और आजम खान के बीच जाली लगी हुई थी।

ये भी पढ़ें-

पंजाब चुनाव 2027: AAP की दूसरी लिस्ट में 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान, कृषि मंत्री का टिकट कटा; किसे कहां से मिला मौका?

मुंबई में फिर बम धमाके की धमकी, मेयर ऑफिस, हाई कोर्ट, एयरपोर्ट और जलसा को उड़ाने की चेतावनी

SOURCE : INDIATV NEWS