Source :- LIVE HINDUSTAN
आम खाने के शौकीन लोग गर्मियों का बेसब्री से इंतजार करते हैं और फिर दिन में 4-5 बार आम खा लेते हैं। आम सिर्फ फल नहीं बल्कि लोगों के लिए जज्बात बन चुका है। अगर आप भी मैंगो लवर हैं, तो भारत की इन 5 जगहों की सैर जरूर करें। यहां पर आम से लदे पेड़ खूब दिखाई देंगे।
5 Best Places For Mango Lovers: आम खाने के शौकीनों को गर्मियों का इंतजार बेसब्री से रहता है। आम सिर्फ एक फल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा स्वाद बन चुका है। भारत में आम की कई किस्में पाई जाती हैं और हर साल गर्मियों में लोग इसका स्वाद लेने के लिए अलग-अलग जगहों पर पहुंचते हैं। वैसे तो बाजारों में हर तरह के आम आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन अब लोगों के बीच पेड़ से सीधे तोड़कर आम खाने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि गर्मियों की छुट्टियों में कई लोग ऐसे गांवों और इलाकों की तलाश करते हैं, जहां दूर-दूर तक आम के बाग नजर आते हों। अगर आप भी आम के दीवाने हैं, तो भारत के इन 5 गांवों की सैर जरूर करें। यहां पेड़ों पर लटके रसीले आम, ताजी खुशबू और बागों की खूबसूरती लोगों को खूब पसंद आती है। हर साल हजारों टूरिस्ट इन जगहों पर आम का असली स्वाद चखने पहुंचते हैं। तो आइए जानते हैं भारत की उन खास जगहों के बारे में, जो मैंगो लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं हैं।
1- कोकण तट (महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक)
कोकण तट (Konkan Coast) भारत का फेमस तटीय इलाका है, जो महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक तक फैला हुआ है। यह जगह खास तौर पर अपने स्वादिष्ट अल्फांसो आम के लिए दुनियाभर में मशहूर है। गर्मियों में यहां दूर-दूर तक आम के बाग ही दिखाई देते हैं। पेड़ों पर लटके रसीले हापुस आम लोगों को खूब सुंदर लगते हैं। सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी और देवगढ़ जैसे इलाके कोकण क्षेत्र में आते हैं, इन क्षेत्रों में हर साल बड़ी मात्रा में हापुस आम होते हैं।
2- आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश राज्य आम उत्पादक में सबसे बड़ा माना जाता है। गर्मियों में यहां पर दूर-दूर तक फैले हुए आम के बाग आपके दिखेंगे। खासतौर पर आंध्र प्रदेश बांगनपल्ली आम के लिए मशहूर है, जिसे उसकी मिठास, खुशबू और मुलायम गूदे की वजह से काफी पसंद किया जाता है। इसके अलावा यहां नीलम, सुवर्णरेखा और तोतापुरी जैसी कई लोकप्रिय किस्मों की भी खेती होती है। इस राज्य के कृष्णा, चित्तूर, कडप्पा और कुरनूल जैसे इलाकों में आम की खेती खूब होती है।
3- मालदा और मुर्शिदाबाद- पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के मालदा को मैंगो कैपिटल भी कहा जाता है। यहां हिमसागर, फजली, लक्ष्मणभोग और गोपालभोग जैसी आम की कई लोकप्रिय किस्मों की खेती होती है। हिमसागर आम अपने मीठे स्वाद और बिना रेशे वाले गूदे के लिए काफी पसंद किया जाता है। तो वहीं मुर्शिदाबाद में भी बड़ी मात्रा में आमों के बाग देखने को मिल जाएंगे। यहां पर गर्मियों में मैंगो टूरिज्म तेजी से बढ़ता है और बड़ी संख्या में पर्यटक बागों में घूमने, ताजे आम तोड़ने और अलग-अलग किस्मों का स्वाद लेने पहुंचते हैं।
4- सौराष्ट्र क्षेत्र का जूनागढ़
गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में स्थित सांस्कृतिक शहर है जूनागढ़, जहां पर गिर केसर आम की पैदावार खूब होती है। गिर केसर आम अपनी मिठास, गहरे पीले रंग और खुशबू के लिए खास पहचान रखता है। यही से केसर आम पूरे भारत में सप्लाई किया जाता है। अगर आप गर्मियों में यहां जाते हैं, तो केसर आम खाने को खूब मिलेगा।
5- बेंगलुरु
बेंगलुरु सिर्फ आईटी हब नहीं है बल्कि आमों के लिए भी मशहूर है। मैंगो लवर्स को बेंगलुरु भी घूमने जाना चाहिए। यहां पर आपको तोतापुरी, बादामी और रसभरी जैसे आम की किस्में मिलेंगी। खासतौर पर तोतापरी आम दक्षिण भारत में खूब होता है। इतना ही नहीं यहां पर गर्मियों में कई मैंगो फेस्टिवल और ऑर्गेनिक फार्म टूर होते हैं, जहां लोग ताजे आमों का स्वाद लेने के साथ-साथ बागों में घूमने का मजा भी ले सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





