Home BUSINESS NEWS HINDI इंडिगो के टिकट पर अब Lite फेयर का ऑप्शन, सस्ती कीमत में...

इंडिगो के टिकट पर अब Lite फेयर का ऑप्शन, सस्ती कीमत में हवाई सफर का मिलेगा मौका

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन इंडिगो ने अपने यात्रियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, इंडिगो ने यात्रियों के लिए अपने किराये में एक नया ऑप्शन जोड़ दिया है। इस नए ऑप्शन का नाम Indigo Lite है। इसके तहत यात्री सस्ते दाम के टिकट पर यात्रा कर सकेंगे। हालांकि, उन्हें सिर्फ 7 किलो केबिन बैगेज की सुविधा मिलेगी। वहीं, यात्री की सीट खुद एयरलाइन कंपनी तय करेगी। इंडिगो की यह सुविधा उन यात्रियों के लिए अच्छी खबर है जो सिर्फ एक लैपटॉप या अन्य तरह के 7 किलो तक के छोटे बैग लेकर यात्रा करते हैं। ऐसे यात्रियों को बैग केबिन में ले जाने की छूट मिलती है।

आज से ही बुकिंग शुरू

अगर आप भी उन यात्रियों में शामिल हैं जिनके पास सामान कम रहता है, तो Indigo Lite की सुविधा आपके लिए ही है। यह नया किराया ऑप्शन 15 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के लिए है और इसकी बुकिंग आज यानी 1 जुलाई से शुरू हो चुकी है। यह ऑप्शन एयरलाइन के सीधे बुकिंग चैनलों पर उपलब्ध होगा। इसमें सभी नॉन-स्टॉप घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट शामिल हैं। एयरलाइन ने कहा कि जो लोग Indigo Lite टिकट बुक करेंगे, वे अभी भी इंडिगो के ‘ब्लूचिप’ लॉयल्टी पॉइंट्स कमा और इस्तेमाल कर सकेंगे।

इन सुविधाओं के लिए एक्स्ट्रा अमाउंट

इंडिगो के यात्रियों को चेक-इन बैगेज, पसंदीदा सीट, खाना और प्रायोरिटी सर्विस जैसी अतिरिक्त सुविधाएं अलग से खरीदने का ऑप्शन मिलेगा। बता दें कि इंडिगो एयरलाइन अपने यात्रियों को अब किराये का चार ऑप्शन दे रही है। इसमें Lite, Saver, Flexi plus और UpFront फेयर शामिल हैं। यात्रियों के लिए सबसे महंगा UpFront फेयर ऑप्शन है। हालांकि, इसमें यात्रियों को कई अहम सुविधाएं मिलती हैं।

बता दें कि भारतीय एयरलाइन कंपनियों को हाल के महीनों में मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा है। ईरान में चल रहे तनाव की वजह से दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं, जिससे एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की लागत भी बढ़ गई है, जो इस इंडस्ट्री का सबसे बड़ा ऑपरेटिंग खर्च है।

इसके साथ ही, एयरलाइंस को क्षेत्रीय तनाव के कारण एयरस्पेस बंद होने और लंबे फ्लाइट रूट जैसी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा है। घरेलू बाजार में किराए को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा का असर भी इंडिगो के कामकाज पर पड़ रहा है। यह एयरलाइन अभी 440 से अधिक विमानों का बेड़ा चलाती है। यह रोजाना 2,100 से ज्यादा उड़ानें भरती है और 95 से अधिक घरेलू और 40 अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन को जोड़ती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN