Home LIFESTYLE NEWS HINDI इन 7 सब्जियों में जरूर लगाएं हींग का तड़का, स्वाद होगा डबल!...

इन 7 सब्जियों में जरूर लगाएं हींग का तड़का, स्वाद होगा डबल! पाचन भी दुरुस्त रहेगा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

हींग का तड़का सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू ही नहीं बढ़ता, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है। जानिए किन 7 सब्जियों में हींग का तड़का जरूर लगाना चाहिए, ताकि गैस और ब्लोटिंग की समस्या भी ना हो और खाने का स्वाद भी बढ़ जाए।

हींग की खुशबू खाने का स्वाद और खुशबू बदलकर रख देती है। तड़के में चुटकी भर हींग डाल दो, पूरे घर में खाने की खुशबू फैल जाती है। हालांकि हींग सिर्फ अपनी तेज खुशबू के लिए ही नहीं, बल्कि फायदों के लिए भी जानी जाती है। पारंपरिक रूप से इसे पाचन के लिए काफी लाभकारी बताया गया है। इसलिए जिन सब्जियों को खाने से पेट में गैस और ब्लोटिंग की शिकायत होती है, उनमें हींग का तड़का जरूर लगाया जाता है। कुछ दालों को पचाना मुश्किल होता है, इसलिए उनमें भी हींग का तड़का लगाने की सलाह दी जाती है। यहां हम आपके साथ ऐसी ही डिशेज की लिस्ट शेयर कर रहे हैं, जिनमें हींग का तड़का लगाना फायदेमंद हो सकता है। सिर्फ पाचन के लिहाज से नहीं, बल्कि खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने में भी ये नंबर वन है।

आलू की सब्जी में जरूर लगाएं हींग का तड़का

आलू की सूखी या रसेदार सब्जी में चुटकीभर हींग का तड़का पूरे स्वाद को बदलकर रख देता है। अगर आप पूड़ी के साथ हलवाई वाली सब्जी का टेस्ट चाहते हैं, तो हींग का तड़का जरूर लगाएं। कुछ लोगों में आलू खाने के बाद ब्लोटिंग और गैस की शिकायत भी होने लगती है। ऐसे में हींग डालना फायदेमंद हो सकता है।

अरबी की सब्जी में जरूर डालें हींग

अरबी की सब्जी पचाने में थोड़ी भारी होती है। इसलिए पेट में ब्लोटिंग या गैस की समस्या हो सकती है। ऐसे में अरबी की सब्जी बनाते हुए हींग का तड़का जरूर लगाएं। सूखी सब्जी बना रहे हैं तो उसका स्वाद दोगुना हो जाएगा।

फूलगोभी और पत्तागोभी की सब्जी होती है भारी

फूलगोभी और पत्तागोभी खाने के बाद भी बहुत से लोग गैस, ब्लोटिंग और पेट में भारीपन की शिकायत करते हैं। आपके साथ भी ऐसा है तो तड़के में हींग का इस्तेमाल जरूर करें। इससे पाचन भी आसान हो जाता है और सब्जी का टेस्ट भी बढ़ जाता है। पूड़ी के साथ हींग वाली आलू-गोभी या की सब्जी जबरदस्त लगती है।

राजमा और छोले में जरूर डालें हींग

राजमा और छोले की सब्जी में हींग का तड़का जरूर लगाया जाता है। इससे ना सिर्फ ग्रेवी का स्वाद बढ़ता है, बल्कि ये पाचन में भी हेल्प करती है। राजमा और छोले आमतौर पर पेट में गैस बनाते हैं। इसलिए पारंपरिक रूप से इनमें हींग का तड़का लगाया जाता रहा है।

बैंगन से बनी डिशेज में डालें

बैंगन की सब्जी हो या भर्ता, हींग का तड़का जरूर लगाना चाहिए। हींग ये बैंगन की बादी को कटाने का काम करती है, साथ ही मसालों के साथ इसका स्वाद भी काफी बेहतरीन आता है।

छाछ से बनने वाली डिशेज

कढ़ी, आलू मट्ठे की सब्जी, रायता जैसी डिशेज जिनमें छाछ का इस्तेमाल किया जाता है, उनमें भी थोड़ी सी हींग का तड़का जरूर लगाकर देखें। खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ जाएगी, साथ ही इन्हें पचाना भी आसान होगा।

कटहल की सब्जी में डालें हींग

कटहल की सब्जी में मसालों के साथ हल्की सी हींग का टेस्ट जबरदस्त लगता है। कटहल खाने पर कई लोगों के पेट में गैस और भारीपन की शिकायत भी हो सकती है। इसलिए तड़के में जरा सी हींग डालना फायदेमंद माना जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN