Home National news hindi इल्हान उमर ने अपने घर पर रेड के बाद लिया ये फ़ैसला

इल्हान उमर ने अपने घर पर रेड के बाद लिया ये फ़ैसला

6
0

Source :- BBC INDIA

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन से पहले वाशिंगटन डीसी में एक संवाददाता सम्मेलन में इल्हान उमर ने भाषण दिया.

मिनिसोटा की सांसद इल्हान उमर ने कहा है कि पिछले हफ़्ते फेडरल एजेंटों की ओर से वॉशिंगटन डीसी स्थित उनके घर की तलाशी के बाद अब वह वहाँ नहीं रह सकतीं.

इल्हान के मुताबिक़ उन्हें डर है कि छापेमारी के बाद उनका पता उजागर हो गया है.

इल्हान ने एमएस नाउ को बताया, “मुझे जान से मारने की मिल रहीं धमकियों के चलते, उस घर में रहना और अपने बच्चों की देखभाल करना अब संभव नहीं रह गया है,”

अपने घर की तलाशी के बाद उमर ने विस्तार से बताया कि कैसे होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन के एजेंटों ने एक जांच के हिस्से के रूप में सेल फोन और नोटबुक सहित एक दर्जन से अधिक चीज़ें जब्त कीं.

सरकार ने यह नहीं बताया है कि उमर पर किस अपराध का आरोप है, लेकिन यह कहा है कि रेड “फेडरल क्रिमिनिल इन्वेस्टिगेशन’ का हिस्सा था.

यह तलाशी अभियान अधिकारियों की उन कई टिप्पणियों के बाद शुरू किया गया है, जिनमें उमर की अमेरिकी नागरिकता पर संदेह जताया गया है, जो उन्हें 2000 में कीनिया से आने के बाद मिली थी.

जांच के तहत उमर के परिवार के सदस्यों को भी एक दर्जन से अधिक समन जारी किए गए हैं और यह बताया गया है कि उनके निजी कंप्यूटर और पासपोर्ट उन चीज़ों में शामिल थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया था.

एमएस नाउ के साथ अपने घर पर घंटों चली छापेमारी को याद करते हुए उमर ने कहा, “इससे ज़ाहिर तौर पर हम सभी घबरा गए थे.”

उमर ने बताया कि 12 अक्टूबर को सुबह लगभग 6:00 बजे एजेंटों ने उनके घर के दरवाज़े को “ज़ोर-ज़ोर से खटखटाना शुरू कर दिया, जिससे वह और उनके पति, जो दोनों बिस्तर पर थे, चौंक गए.

उन्होंने कहा, “हम चीख रहे थे.” जब दोनों यह देखने के लिए नीचे भागे कि क्या हो रहा है तो घटना को “बेहद विचित्र” बताया.

मिनेसोटा की डेमोक्रेट सांसद ने अनुमान लगाया कि 15 से 25 एजेंटों ने उनके घर को घेर लिया था और उन्होंने कहा कि उन सभी ने “शालीन तरीक़े से व्यवहार किया”.

जब उमर ने वॉरंट मांगा तो एजेंटों ने दरवाज़े पर ही उसे वॉरंट दिखा दिया.

उमर ने बताया कि इसके बाद वह सोफ़े पर बैठकर देखती रहीं, जब एजेंट लगभग पाँच घंटे तक एक कमरे से दूसरे कमरे में तलाशी लेते रहे और कुल 17 चीज़ें लेकर चले गए, जिनमें कई सेलफोन, नोटबुक और उनके पति का 1960 के दशक का कैमरा शामिल था.

बीबीसी ने टिप्पणी के लिए जस्टिस डिपार्टमेंट से संपर्क किया.

उमर ने एक बार फिर सरकार की जांच की आलोचना करते हुए कहा कि इसका मक़सद डराना-धमकाना था.

पिछले हफ़्ते हुई छापेमारी के तुरंत बाद, उन्होंने ऑनलाइन एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने इसे “सत्ता का घोर दुरुपयोग” और “राजनीतिक दुश्मनों को निशाना बनाने के लिए संघीय क़ानून प्रवर्तन का हथियार के रूप में इस्तेमाल” बताया.

पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी फेडरल इन्वेस्टिगेशन की कड़ी आलोचना करते हुए एक लंबे बयान में कहा कि यह “बेहद भयावह” है.

उमर, जो 2018 से मिनिसोटा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, लंबे समय से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर रही हैं. उन्होंने बार-बार सुझाव दिया है कि वह सोमालिया वापस चली जाएं.

उन्होंने उसकी जांच में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार करते हुए कहा है कि इसका “मुझसे कोई लेना-देना नहीं है”.

ओहायो में एक रैली में ट्रंप ने उनके घर की तलाशी का ज़िक्र करते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि वे इसके साथ क्या कर रहे हैं, लेकिन मैं आपको यह बता सकता हूँ वह एक आपदा हैं.”

हालांकि, सांसद ने राष्ट्रपति के जवाब को ख़ारिज करते हुए तर्क दिया कि “इसमें उनका पूरा हाथ है”.

“आपको पता है, यह बात 2019 की है, जब वह इस बात को लेकर चिल्ला रहे थे कि मुझे वापस भेजा जाना चाहिए, मुझे निर्वासित किया जाना चाहिए.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS