Home rss business hindi इस डिफेंस कंपनी को विदेश से मिला एडवांस टग बोट बनाने का...

इस डिफेंस कंपनी को विदेश से मिला एडवांस टग बोट बनाने का बड़ा ऑर्डर, शेयर में आई जबरदस्त तेजी

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय रक्षा और शिपबिल्डिंग सेक्टर की कंपनी स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज (Swan Defence and Heavy Industries- SDHI) के शेयरों में गुरुवार को करीब 3% की तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर NSE पर कारोबार के दौरान 2,618 रुपये तक पहुंच गए। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह डेनमार्क की मशहूर समुद्री सेवा कंपनी Svitzer A/S से मिला बड़ा अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर है। इस डील के तहत स्वान डिफेंस (Swan Defence) 4 एडवांस TRAnsverse 3200 टग बोट तैयार करेगी। इस ऑर्डर को कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इससे न केवल उसके एक्सपोर्ट कारोबार को मजबूती मिलेगी, बल्कि भारतीय शिपबिल्डिंग इंडस्ट्री की वैश्विक पहचान भी बढ़ेगी। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि इन 4 हाई-टेक टग बोट का निर्माण गुजरात के पिपावाव स्थित शिपयार्ड में किया जाएगा। इनकी डिलीवरी 2028 की शुरुआत से शुरू होने की योजना है। खास बात यह है कि यह ऑर्डर दुनिया के कई बड़े शिपयार्ड के बीच हुए कड़े मूल्यांकन के बाद स्वान डिफेंस (Swan Defence) को मिला है। इससे साफ है कि भारतीय कंपनी की तकनीकी क्षमता और गुणवत्ता पर वैश्विक कंपनियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

TRAnsverse 3200 टग बोट को दुनिया की सबसे एडवांस टग डिजाइनों में गिना जाता है। इसे प्रसिद्ध नौसैनिक आर्किटेक्ट रॉबर्ट एलान (Robert Allan) और स्वित्ज़र (Svitzer) ने मिलकर विकसित किया है। इन जहाजों में खास हाइड्रोडायनामिक हुल डिजाइन और ओमनी-डायरेक्शनल प्रोपल्शन सिस्टम दिया गया है, जिससे ये बड़े जहाजों को खराब मौसम और संकरे बंदरगाहों में भी सुरक्षित तरीके से संचालित करने में मदद करते हैं। इनकी 80 टन बोलार्ड पुल क्षमता है और ये रेगुलर टग बोट की तुलना में करीब 15% अधिक ईंधन दक्ष हैं। इससे फ्यूल की बचत होगी और समुद्री परिवहन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।

इन जहाजों की एक और खासियत यह है कि इन्हें बायोफ्यूल के लिए तैयार (Biofuel-ready) बनाया जाएगा। साथ ही ये IMO टियर III एमिशन नॉर्म्स का पालन करेंगे और इनमें FiFi1 फायरफाइटिंग सिस्टम भी होगा, जिससे बंदरगाहों पर आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने में मदद मिलेगी, यानी ये जहाज पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद आधुनिक होंगे।

स्वान डिफेंस (Swan Defence) के सीईओ रियर एडमिरल (सेवानिवृत्त) विपिन कुमार सक्सेना ने कहा कि दुनिया की सबसे एडवांस टग बोट बनाने का मौका मिलना कंपनी के लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार, Svitzer की कड़ी चयन प्रक्रिया में सफल होना इस बात का प्रमाण है कि कंपनी उच्च गुणवत्ता वाले जहाज बनाने की क्षमता रखती है। उन्होंने बताया कि यह लगातार चौथा अंतरराष्ट्रीय एक्सपोर्ट ऑर्डर है, जो वैश्विक ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

दूसरी ओर Svitzer के सीईओ कैस्पर फ्रिस निलाउस (Kasper Friis Nilaus) ने कहा कि TRAnsverse 3200 टग डिजाइन से बंदरगाहों की कार्यक्षमता, सुरक्षा और ईंधन दक्षता में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने भारत की स्वान डिफेंस (Swan Defence) के साथ साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि यह डील उनकी लंबी अवधि की फ्लीट आधुनिकीकरण योजना का हिस्सा है।

शेयर प्रदर्शन

अगर शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले एक महीने में कंपनी का शेयर करीब 0.8% चढ़ा है, जबकि इस साल अब तक इसमें लगभग 5.8% की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, लंबी अवधि में यह शेयर बेहतर प्रदर्शन करता दिखा है। पिछले तीन सालों में इसमें करीब 26% और 5 सालों में लगभग 52% का रिटर्न मिला है। एक्सपर्ट का मानना है कि लगातार मिल रहे विदेशी ऑर्डर भविष्य में कंपनी की ऑर्डर बुक और आय बढ़ाने में मदद कर सकते हैं, जिसका सकारात्मक असर शेयर पर भी देखने को मिल सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN